Search

 
 
 

EXCLUSIVE : खनन टास्क फोर्स की बैठक के आधे घंटे बाद ही शुरू हुआ अवैध बालू का खेल, दुमका में पुलिस-प्रशासन के दावों पर उठे सवाल

Dumka News : झारखंड-बंगाल सीमा के समीप दुगली में करीब 40 हाइवा और बनियाग्राम में लगभग 50 हाइवा खड़े होने की सूचना है. इन गाड़ियों में मयूराक्षी नदी से बालू का अवैध उठाव कर लोडिंग की जा रही है. जो तस्वीर सामने आई है उन तस्वीरों में जीपीएस लोकेशन भी दर्ज है. तो यह जिला प्रशासन की अवैध खनन रोकने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
 
खनन
  • दुगली में 40 और बनियाग्राम में 50 हाइवा खड़े होने का दावा, मयूराक्षी नदी से अवैध बालू उठाव और परिवहन का आरोप

Dumka News : झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में लघु खनिजों की चोरी और अवैध खनन का मुद्दा विपक्ष द्वारा उठाए जाने के बाद अब दुमका जिले में भी बालू के अवैध कारोबार को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. हैरानी की बात यह है कि जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश दिए जाने के महज आधे घंटे बाद ही रानेश्वर थाना क्षेत्र के बालू घाटों से अवैध बालू उठाव और हाइवा में लोडिंग की तस्वीरें वायरल होने का दावा किया जा रहा है.

 

इसे भी पढ़ें...

 

मिली जानकारी के अनुसार, झारखंड-बंगाल सीमा के समीप दुगली में करीब 40 हाइवा और बनियाग्राम में लगभग 50 हाइवा खड़े होने की सूचना है. इन गाड़ियों में मयूराक्षी नदी से बालू का अवैध उठाव कर लोडिंग की जा रही है. जो तस्वीर सामने आई है उन तस्वीरों में जीपीएस लोकेशन भी दर्ज है. तो यह जिला प्रशासन की अवैध खनन रोकने की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

Uploaded Image

टास्क फोर्स की बैठक

 

डीसी की अध्यक्षता में टास्क फोर्स की बैठक में SP, DTO और पुलिस के वरीय अधिकारी मौजूद थे

जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में जिले के तमाम वरीय पुलिस अधिकारी और संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे. अवैध खनिज परिवहन पर रोक लगाने की जिम्मेदारी निभाने वाले जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) भी बैठक में शामिल थे.

 

बैठक में पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अवैध खनन एवं परिवहन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था. उन्होंने अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़कर तत्काल प्राथमिकी दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी.

Uploaded Image

बालू उठाव

 

लेकिन बैठक समाप्त होने के करीब आधे घंटे बाद ही अवैध बालू कारोबार शुरू होने की सूचना सामने आने से पुलिस प्रशासन की कार्रवाई और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं.

 

पहले भी बालू घाट पर विरोध और पुलिस से की गई थी शिकायत

कुछ दिन पूर्व बेध बालू घाट पर स्थानीय लोगों और कथित तौर पर प्रभावशाली व्यक्तियों तथा बालू कारोबारियों के बीच विरोध की स्थिति उत्पन्न हुई थी. इस मामले को लेकर रामेश्वर थाना में शिकायत भी दिए जाने की बात सामने आई है. स्थानीय स्तर की गई शिकायत के बावजूद अब तक मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. 

 

खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार से हाथापाई और पैसे का प्रलोभन देने का आरोप

अवैध बालू खनन और परिवहन को लेकर खबर प्रकाशित करने वाले स्थानीय पत्रकार गयासुद्दीन अंसारी के साथ भी कथित तौर पर हाथापाई किए जाने और पैसे देने का प्रलोभन देने का मामला सामने आया है.

Uploaded Image

पत्रकार का आवेदन

 

पत्रकार की ओर से इस संबंध में 25 नवंबर 2026 को दुमका के पुलिस अधीक्षक और रानेश्वर थाना प्रभारी को शिकायत दिए जाने की जानकारी मिली है. आरोप है कि अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों का मनोबल इतना बढ़ा हुआ है कि खबर प्रकाशित करने वाले पत्रकार को भी निशाना बनाया जा रहा है. हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अब तक की गई कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.

 

90 हाइवा से रोजाना लाखों सीएफटी बालू के अवैध परिवहन का दावा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुगली और बनियाग्राम में खड़े करीब 90 हाइवा में प्रत्येक वाहन पर लगभग 900 से 1000 सीएफटी बालू लोड किए जाने का दावा किया जा रहा है.

 

स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे अनुमान के मुताबिक, यदि प्रतिदिन 150 से 200 वाहनों से बालू का परिवहन हो रहा है, तो प्रतिदिन करीब एक से दो लाख सीएफटी बालू का उठाव और परिवहन हो सकता है. इस कारोबार से सरकार को होने वाले संभावित राजस्व नुकसान का अनुमान प्रतिदिन 75 लाख से एक करोड़ रुपये तक बताया जा रहा है. 

 

एनजीटी की रोक के दौरान भी मयूराक्षी नदी से बालू उठाव का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि एनजीटी की रोक की अवधि के दौरान भी मयूराक्षी नदी से अवैध रूप से बालू का उठाव जारी रहा. यदि ऐसा हुआ है, तो यह पर्यावरणीय नियमों और खनन संबंधी आदेशों के अनुपालन को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करता है.

 

विधानसभा में उठा लघु खनिज चोरी का मुद्दा, दुमका में कार्रवाई पर सवाल

झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में विपक्ष की ओर से लघु खनिजों की चोरी का मामला उठाया गया. सदन में यह भी सवाल उठाया गया कि राज्य में कथित तौर पर अभी तक केवल 14 वैध बालू घाट ही संचालित हो रहे हैं, तो फिर अन्य क्षेत्रों मं, बड़े पैमाने पर बालू का कारोबार किस आधार पर चल रहा है?

 

एसपी से पक्ष लेने का प्रयास, नहीं मिल सका जवाब

पूरे मामले को लेकर दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही