Search

जेल से बिहार विधानसभा पहुंचे अनंत सिंह, मोकामा विधायक के रूप में ली शपथ

Bihar  :  मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने आज बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली. शपथ लेने से पहले उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. इससे पहले अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच विधानसभा परिसर लाया गया था.

 

अनंत सिंह के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विधानसभा के भीतर और आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. 

 

गौरतलब है कि दुलारचंद यादव हत्याकांड में अनंत सिंह को 1 नवंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था. इसके बावजूद उन्होंने जेल से ही विधानसभा चुनाव लड़ा और पांचवीं बार मोकामा सीट से जीत दर्ज की थी. जेल में बंद होने के कारण वे पहले विधायक के रूप में शपथ नहीं ले सके थे.

इसके बाद बाहुबली नेता अनंत सिंह ने पटना सिविल कोर्ट में याचिका दायर कर शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने की अनुमति मांगी थी. सोमवार को इस याचिका पर सुनवाई के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट ने उन्हें शपथ लेने की अनुमति प्रदान की.

 

कोर्ट के आदेशानुसार, अनंत सिंह विधानसभा पहुंचे और विधायक के रूप में शपथ ली. हालांकि, कोर्ट ने शपथ ग्रहण के बाद अनंत सिंह को दोबारा जेल भेजने का निर्देश दिया है.

 

विस चुनाव प्रचार के दौरान दुलारचंद की हुई थी मौत

उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव के दौरान दुलारचंद यादव की हत्या हुई थी. दुलारचंद यादव जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के समर्थन में चुनाव प्रचार कर रहे थे. इसी दौरान अनंत सिंह के समर्थकों और विरोधी गुट के बीच झड़प हो गई थी, जो बाद में मारपीट और फायरिंग में बदल गई. इस घटना में दुलारचंद यादव को गोली लगी थी, जिससे उनकी मौत हो गई थी.

 

शुरुआत में चर्चा थी कि गोली लगने से ही दुलारचंद यादव की मौत हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि गोली उनके पैर में लगी थी. रिपोर्ट के अनुसार, मौत का कारण फेफड़े का फटना और कार्डियो-रेस्पिरेटरी फेल्योर था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया कि पीठ पर किसी भारी वस्तु से जोरदार धक्का लगने के कारण पसलियां टूट गई थीं, जिससे सांस रुकने से उनकी मृत्यु हो गई.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp