- संगठित अपराध, अफीम तस्करी और नक्सलवाद पर सख्ती
Chatra : चतरा जिले के 33वें पुलिस अधीक्षक के रूप में अनिमेष नैथानी ने शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में विधिवत पदभार ग्रहण किया. उन्होंने निवर्तमान एसपी सुमित कुमार अग्रवाल से कार्यभार संभाला. इस दौरान डीएसपी मुख्यालय अमिता लकड़ा, एसडीपीओ सदर संदीप सुमन समेत पुलिस विभाग के कई अधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
पदभार ग्रहण के बाद नए एसपी ने स्पष्ट संकेत दिया कि जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के साथ-साथ आम जनता के बीच पुलिस की सकारात्मक छवि को बेहतर किया जाएगा. पदभार ग्रहण के मौके पर अनिमेष नैथानी ने कहा कि उनकी प्राथमिकताएं वही रहेंगी, जो पहले से चतरा पुलिस द्वारा अपनाई जाती रही हैं.
उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में पुलिस द्वारा किए गए अच्छे कार्यों को और आगे बढ़ाया जाएगा. विशेष रूप से एंटी-नेशनल गतिविधियों और एनडीपीएस (नारकोटिक्स) से जुड़े मामलों में जो कार्रवाई पहले की गई है, उसे और प्रभावी तरीके से जारी रखा जाएगा.
नए एसपी ने कहा कि चतरा पुलिस को पीपुल फ्रेंडली बनाने पर विशेष जोर दिया जाएगा. साथ ही अन्य जिलों के मुकाबले चतरा पुलिस एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत करे, इसके लिए हर स्तर पर प्रयास किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि आम जनता की पुलिस से जो अपेक्षाएं हैं, उन्हें पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ निभाया जाएगा.
उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में जिले में कई सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे. संगठित अपराध, अफीम तस्करी और नक्सलवाद को लेकर उन्होंने कहा कि ये सभी अपराध लंबे समय से चतरा के लिए चुनौती रहे हैं. हालांकि इन पर पहले भी प्रभावी कार्रवाई होती रही है, जिसका नतीजा है कि आज चतरा से नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है. लेकिन अब इसे और सख्ती और बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ाया जाएगा. उन्होंने बताया कि अपराधियों के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी.
यह भी कहा कि जिन अपराधियों का आपराधिक इतिहास रहा है, चाहे वे जेल से बाहर हों या अंदर रहते हुए भी अपने नेटवर्क को संचालित कर रहे हों, उन पर कड़ी नजर रखी जाएगी. ऐसे संगठित अपराध के नेटवर्क को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. वहीं, निवर्तमान एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि चतरा पुलिस ने टीम भावना के साथ कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं.
उन्होंने विश्वास जताया कि नए एसपी के नेतृत्व में पुलिस विभाग और भी बेहतर कार्य करेगा तथा जिले में शांति और सुरक्षा का माहौल और मजबूत होगा. पदभार ग्रहण के इस अवसर पर पुलिस पदाधिकारियों ने नए एसपी का स्वागत किया और उन्हें भरोसा दिलाया कि वे उनके नेतृत्व में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment