Search

 
 
 

साहिबगंज कोर्ट को फिर बम से उड़ाने की धमकी, 10 दिन में दूसरी बार आया ईमेल

साहिबगंज कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरा ईमेल आने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. महज 10 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी मिलने के बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं.
 
साहिबगंज कोर्ट
  • सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
  • जज-कर्मियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया
  • पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नए मेल से उठे सवाल
  • बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड ने खंगाला परिसर

Sahibganj :  साहिबगंज कोर्ट को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है. धमकी भरा ईमेल आने के बाद कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया. महज 10 दिनों के भीतर यह दूसरी बार है, जब कोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई है. इसके बाद जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई हैं.

 

धमकी मिलते ही एहतियातन जज, अधिवक्ता और कोर्ट कर्मियों को तत्काल कोर्ट परिसर से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया. इसके बाद पूरे न्यायालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर छावनी में तब्दील कर दिया गया. 

 

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, एसडीपीओ, डीएसपी, सर्किल इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गये. वहीं उपायुक्त हेमंत सती ने भी मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया.

 

बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने चलाया सर्च ऑपरेशन

धमकी के बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने पूरे कोर्ट परिसर की सघन तलाशी ली. आधुनिक उपकरणों की मदद से हर कोने की जांच की गई और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश की गई.

 

फिलहाल किसी प्रकार के विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, जिससे थोड़ी राहत जरूर मिली है. कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई. आने-जाने वाले हर व्यक्ति की गहन जांच की जा रही है और आसपास के इलाकों में भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है.

 

पहले आरोपी की गिरफ्तारी के बाद नया मेल, बढ़ी चिंता

गौरतलब है कि 26 मार्च को भी न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इस मामले में मैसूर से आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है. वहीं दूसरा धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद यह सवाल उठ रहा है कि आखिर इसके पीछे कौन है और क्या कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है. इंटेलिजेंस और तकनीकी टीम ईमेल के स्रोत का पता लगा रही हैं. पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है.

 

क्या बोले एसपी

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने कहा कि धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और स्क्वॉड टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है. जज और कर्मियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. किसी प्रकार की हताहत नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.

 

प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही