Search

 
 
 

आर्मी कैडेट कॉलेज में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 30 नवंबर से पहले करें अप्लाई

Ranchi News : इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा का आयोजन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा.राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर रात 9 बजे तक निर्धारित की गई है.
 
आर्मी कैडेट कॉलेज

Ranchi News : भारतीय सेना में अधिकारी बनने की तैयारी कर रहे जवानों के लिए आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC) में प्रवेश का अवसर है. आर्मी कैडेट कॉलेज (ACC 10+2)-136 और ACC (Graduate)-136 की कॉमन एंट्रेंस परीक्षा (CEE) के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 6 नवंबर 2026 से शुरू हो गई है. 

 

 

इच्छुक अभ्यर्थी 30 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. परीक्षा का आयोजन 4 जनवरी 2027 को किया जाएगा.राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि 30 नवंबर रात 9 बजे तक निर्धारित की गई है.

 

अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क का भुगतान उसी दिन रात 11:50 बजे तक करना होगा. निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 1 से 3 दिसंबर तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने का मौका मिलेगा.

 

आवेदन और परीक्षा की महत्वपूर्ण तिथियां

  •  ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि: 6 नवंबर 2026
  •  सामान्य आवेदन की अंतिम तिथि: 30 नवंबर 2026 (रात 9 बजे तक)
  •  सामान्य शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि: 30 नवंबर (रात 11:50 बजे तक)
  •  विलंब शुल्क के साथ आवेदन: 1 से 3 दिसंबर 2026
  •  आवेदन में सुधार: 5 से 6 दिसंबर 2026
  •  परीक्षा शहर की जानकारी: 21 दिसंबर 2026
  •  एडमिट कार्ड जारी होने की तिथि: 28 दिसंबर 2026
  •  प्रवेश परीक्षा की तिथि: 4 जनवरी 2027
  •  परीक्षा का समय: सुबह 10:30 से दोपहर 1:30 बजे तक

 

कंप्यूटर आधारित होगी परीक्षा

ACC की कॉमन एंट्रेंस परीक्षा कंप्यूटर आधारित (CBT) होगी. इसमें बहुविकल्पीय वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा की कुल अवधि तीन घंटे यानी 180 मिनट होगी. परीक्षा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में आयोजित की जाएगी. यह प्रवेश परीक्षा साल में दो बार जनवरी और जुलाई में आयोजित की जाती है.

 

कितना देना होगा आवेदन शुल्क?

अधिसूचना के अनुसार, सामान्य, अनारक्षित, OBC और OBC-NCL श्रेणी के अभ्यर्थियों को 1,150 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं, SC और ST श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 950 रुपये निर्धारित किया गया है.निर्धारित समय के बाद आवेदन करने पर सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को 500 रुपये अतिरिक्त विलंब शुल्क देना होगा.

 

ऑनलाइन होगा शुल्क भुगतान

अभ्यर्थी नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI के माध्यम से आवेदन शुल्क जमा कर सकते हैं. आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा और एडमिट कार्ड से संबंधित जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें.

 

हेल्पलाइन और संपर्क विवरण:

 ईमेल: acccee@nta.ac.in
 हेल्पलाइन नंबर: 011-69227700 / 40759000

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन करने से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यानपूर्वक पढ़ लें और अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही