Search

मेयर पद पर जीतते ही ठेका प्रणाली में बदलाव, पारदर्शिता व स्थानीय को दी जाएगी प्राथमिकता: सुरेंद्र

Ranchi : नगर निकाय चुनाव को लेकर मेयर प्रत्याशी सुरेंद्र लिंडा ने नगर निगम की विकास योजनाओं और कार्यशैली को लेकर कई बड़े दावे किए हैं. नगर निकाय चुनाव में कई वादे किए जा रहे है. प्रत्याशी डोर टू डोर वोट मांग रहे है. 

 

इस दौरान मेयर प्रत्याशी से लगातार मीडिया ने खास बातचीत की. इस दौरान उन्होंने ठेका प्रणाली से लेकर भ्रष्टाचार, सुरक्षा और जलजमाव जैसी समस्याओं पर अपनी योजनाएं साझा कीं.

 

सवाल – नगर निगम के विकास और योजनाओं को लेकर आपकी प्राथमिकता क्या होंगी?

जवाब – सुरेंद्र लिंडा ने कहा कि नगर निगम की ठेका और टेंडर प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा. कई योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक नही पहुंच पाती है. मेयर पद संभालते ही सभी टेंडर को सार्वजनिक और पारदर्शी तरीके से जारी किया जाएगा. नगर निगम के कार्यों में स्थानीय लोगों को रोजगार देने में प्राथमिकता दी जाएगी.

सवाल – नगर निगम में भ्रष्टाचार और कार्यशैली में बदलाव कैसे लाएंगे?

जवाब – उन्होंने कहा कि मेयर पद एक गरिमामय जिम्मेदारी है. जीत के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को सख्त और जवाबदेह बनाया जाएगा. शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है, ताकि अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण किया जा सके. भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए खुफिया तंत्र और केंद्रीय एजेंसियों से समन्वय स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा.

सवाल – शहर में हल्की बारिश में भी जलजमाव और घरों में पानी घुसने की समस्या है, इसे कैसे दूर करेंगे?

जवाब – सुरेंद्र लिंडा ने कहा कि शहर में सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम का अधूरा कार्य जलजमाव की मुख्य वजह है. मेयर बनने के बाद प्राथमिकता के आधार पर अधूरी सीवरेज और ड्रेनेज परियोजनाओं को पूरा कराया जाएगा, ताकि लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके. मेयर प्रत्याशी सुरेंद्र लिंडा ने कहा कि उनका लक्ष्य रांची को पारदर्शी, सुरक्षित और विकासशील शहर बनाना है, जहां सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp