Sports News : एशियन गेम्स 2026 के मैच में अफगानिस्तान ने शानदार प्रदर्शन किया. टीम ने जापान को 48 रन से हराकर अभियान की शुरुआत की. यह मैच जापान के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में गुरुवार को खेला गया. जापान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरे अफगानिस्तान के मोहम्मद अकरम ने 29 गेंदों में 34 रन बनाए.
इसे भी पढ़ें...
उन्होंने अपनी पारी में दो छक्के और दो चौके लगाए. करीम जनत ने 23 गेंदों पर 21 रन बनाए, जबकि कप्तान दरविश रसूली ने 27 गेंदों में चार चौकों की मदद से 29 रन जोड़े. अंत में बल्लेबाजी करने उतरे मोहम्मद इशाक ने 25 रन बनाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया. इस तरह अफगानिस्तान ने 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 129 रन बनाए.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की शुरुआत खराब रही. टीम के तरफ से बल्लेबाजी करने उतरे लैकलन यामामोटो-लेक बिना खाता खोले ही आउट हो गए. गेंदबाज अब्दुल्लाह अहमदजई ने पहला विकेट लिया.
इसके बाद रियो सकुरानो-थॉमस और कप्तान फ्लेमिंग ने 31 रन की साझेदारी कर पारी को संभालने की कोशिश की. फ्लेमिंग 14 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. थॉमस और बेंजामिन डेविस ने भी तीसरे विकेट के लिए 22 रन जोड़े.
53 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद जापान की पारी पूरी तरह लड़खड़ा गई. अफगान गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालते हुए जापान को 19.3 ओवर में सिर्फ 81 रन पर समेट दिया और मैच अपने नाम कर लिया. अफगानिस्तान का अगला मुकाबला 25 सितंबर को नेपाल के खिलाफ होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

