Sports News : एशियन गेम्स में भारत के महिला और पुरुष खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. गुरुवार को खेले गए मैच में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अपने तीसरे मुकाबले में चार बार के चैंपियन दक्षिण कोरिया को 8-2 से करारी शिकस्त दी. टूर्नामेंट में भारत की यह तीसरी जीत है.
इसे भी पढ़ें...
भारत ने मैच की शुरुआत से ही दक्षिण कोरिया पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था. चौथे मिनट में शिलानंद लकरा ने गोल कर टीम का खाता खोला. इसके कुछ ही मिनट बाद सुखजीत सिंह ने 10वें मिनट में दूसरा गोल दागकर भारत की बढ़त मजबूत कर दी.
अगले ही मिनट कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलते हुए स्कोर 3-0 कर दिया. पहले क्वार्टर के समाप्त होने से पहले अभिषेक ने चौथा गोल कर भारत को पूरी तरह मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
दूसरे क्वार्टर में दक्षिण कोरिया ने अपने डिफेंस को बेहतर किया और कुछ समय तक भारतीय हमलों को रोके रखा. हालांकि, 26वें मिनट में दिलप्रीत सिंह ने शानदार गोल करते हुए भारत की बढ़त 5-0 कर दी.
छह मिनट बाद दिलप्रीत ने एक बार फिर गोल दागकर अपना दूसरा गोल पूरा किया और भारत को 6-0 से आगे कर दिया. तीसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा कायम रहा. 38वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत का स्कोर 7-0 कर दिया.
दक्षिण कोरिया ने वापसी करते हुए 42वें मिनट में पहला गोल किया. इसके बाद 52वें मिनट में किम योंग बोक ने दक्षिण कोरिया की ओर से दूसरा गोल किया.
आखिरी क्वार्टर में राजिंदर सिंह ने भारत के लिए आठवां गोल किया और टीम की 8-2 से शानदार जीत तय कर दी.
भारत ने टूर्नामेंट में इससे पहले इंडोनेशिया को 13-1 और श्रीलंका को 16-1 से हराया था. भारतीय हॉकी टीम का अगला मुकाबला 26 सितंबर को जापान से होगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

