- 44 साल बाद गोल्ड का मौका
Ranchi News : जापान के नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया है. सेमीफाइनल के अहम और रोमांचक मुकाबले में भारत ने दक्षिण कोरिया को 2-0 से पराजित कर दिया. इस बड़ी जीत में 'झारखंड की बेटी' और टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने मोर्चे से अगुवाई की. सलीमा और साथी खिलाड़ी इशिका के एक-एक शानदार गोल की मदद से भारत ने फाइनल का टिकट पूरी तरह से पक्का कर लिया.
इसे भी पढ़ें...
इस जीत के साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2018 के बाद पहली बार एशियन गेम्स के खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है. अब कप्तान सलीमा टेटे के नेतृत्व में टीम इंडिया के पास 1982 के बाद पहली बार स्वर्ण पदक जीतकर नया इतिहास रचने का सुनहरा अवसर है. यह फाइनल मुकाबला सिर्फ गोल्ड मेडल के लिहाज से ही नहीं, बल्कि आगामी ओलंपिक के लिए सीधे क्वालीफाई करने की दिशा में भी भारतीय टीम के लिए एक बड़ा और निर्णायक कदम साबित होगा.
भारतीय टीम के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे देश और खासकर झारखंड के खेल प्रेमियों में भारी उत्साह है. हॉकी झारखंड के सभी पदाधिकारियों ने कप्तान सलीमा टेटे और पूरी टीम को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई दी है. संघ ने पूरी टीम का हौसला बढ़ाते हुए खिताबी मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए अपनी ढेरों शुभकामनाएं दी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

