Jamshedpur News: दुर्गा पूजा के दौरान शहर में बढ़ने वाली भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए टाटानगर रोड ओवर ब्रिज की जर्जर सड़क को रेलवे जल्द दुरुस्त करेगा. सड़क की खराब स्थिति को लेकर स्थानीय नागरिक शशांक शेखर स्वाइन की ओर से की गई शिकायत के बाद चक्रधरपुर रेल मंडल ने मामले पर संज्ञान लिया है.
चक्रधरपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल अभियंता (पूर्व) ने लिखित जवाब में सड़क की स्थिति को लेकर जानकारी दी है. रेलवे की आधिकारिक रिपोर्ट में बताया गया है कि भारी बारिश और लगातार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण टाटानगर ROB की सड़क दोबारा जर्जर हो गई है.
इसे भी पढ़ें:
रेलवे ने कहा है कि आम लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए सड़क के सुदृढ़ीकरण का काम अतिशीघ्र शुरू किया जा रहा है. दुर्गा पूजा के दौरान इस मार्ग से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और वाहन गुजरते हैं. ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से जाम और दुर्घटना की आशंका बढ़ सकती है.
रेलवे के लिखित आश्वासन के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि पूजा शुरू होने से पहले सड़क को बेहतर स्थिति में लाया जाएगा, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत केवल खानापूर्ति के बजाय गुणवत्तापूर्ण तरीके से की जाए, ताकि बारिश और भारी वाहनों के दबाव में सड़क दोबारा जल्द खराब न हो.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

