Search

 
 
 

बिहार पुलिस रेडियो वायरलेस परीक्षा : पेपर लीक की कोशिश नाकाम, एक अरेस्ट, शिक्षक समेत अन्य फरार

गया में बिहार पुलिस रेडियो वायरलेस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने की कथित साजिश का मामला सामने आया है. हालांकि पुलिस की समय रहते कार्रवाई करने के कारण पेपर लीक की कोशिश नाकाम हो गई.
 
बिहार की खबरें

LagatarDesk :  गया में बिहार पुलिस रेडियो वायरलेस भर्ती परीक्षा का पेपर लीक करने की कथित साजिश का मामला सामने आया है. हालांकि पुलिस की समय रहते कार्रवाई करने के कारण पेपर लीक की कोशिश नाकाम हो गई.

 

पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, , जिससे पूछताछ की जा रही है. जबकि मुख्य आरोपी शिक्षक दिलशाद और उसके कुछ साथी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.

 

पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की डील कर रहा था शिक्षक

पुलिस के मुताबिक, कासमी प्लस टू हाई स्कूल में कार्यरत शिक्षक दिलशाद अपने साथियों के साथ अभ्यर्थियों से पैसे लेकर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने की डील कर रहा था. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आरोपियों की कार का पीछा किया.

 

हालांकि आरोपी बीच रास्ते में कार छोड़कर फरार हो गए. इस दौरान फायरिंग की भी खबर सामने आई. लेकिन एसएसपी सुशील कुमार ने गोली चलने की बात से इनकार किया है. हालांकि, जब्त कार की ड्राइविंग सीट के नीचे गोली जैसा एक निशान मिलने की बात सामने आई है.

 

शिक्षक और सहयोगी पर पुलिस की नजर

दिलशाद करीमगंज मोहल्ले का रहने वाला है और मूल रूप से टेकारी का निवासी बताया जाता है. वह पिछले तीन-चार वर्षों से कासमी हाई स्कूल में जीवविज्ञान (बायोलॉजी) पढ़ा रहा है. इस मामले में रामपुर थाना क्षेत्र के शिवम सिंघनिया का नाम भी सामने आया है. पुलिस ने उसके ठिकाने से कई लोगों की मार्कशीट, डिग्री, चेक और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं.

 

पहले भी कई संदिग्धों से हो चुकी है पूछताछ

बता दें कि पुलिस ने इस मामले में संदेह के आधार पर कुछ युवाओं को भी हिरासत में लिया था. लेकिन शुरुआती जांच में उनकी भूमिका सामने नहीं आने पर उन्हें बाउंड भरवाकर छोड़ दिया गया. 

 

मामले की हर पहलू की जांच जारी

पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. शिक्षक दिलशाद के पुराने रिकॉर्ड और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. इसके अलावा जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही