Lagatar Desk : बारिश का मौसम शुरू होते ही सर्पदंश की घटनाएं तेजी से बढ़ने लगी हैं. नालंदा और जहानाबाद जिले में बुधवार को एक साथ पांच लोगों को सांप काट लिया है. सभी को बिहारशरीफ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत फिलहाल सामान्य है और उनका इलाज जारी है.
अलग-अलग जगहों पर हुईं सर्पदंश की घटनाएं
जानकारी के अनुसार, जहानाबाद के घोषी थाना क्षेत्र के महुआबीघा गांव निवासी मुन्ना कुमार को घर में सोते समय सांप ने काट लिया. प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया.
वहीं, सिलाव प्रखंड के नागपुर गांव की शिल्पी देवी को घर के पास खड़े रहने के दौरान सांप ने डस लिया. इसी प्रखंड के पचवारा गांव के रंजीत कुमार खेत में काम करते समय सर्पदंश का शिकार हो गए.
इसके अलावा, नूरसराय थाना क्षेत्र के नोनियाबीघा गांव के 18 वर्षीय शनि कुमार को घर के बाहर निकलने के दौरान सांप ने काट लिया. बिहारशरीफ के पटेल नगर निवासी अनिमा कुमारी भी सर्पदंश की चपेट में आ गईं. सभी का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
सर्पदंश में झाड़-फूंक में समय न गंवाएं
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजीव रंजन ने बताया कि बारिश के मौसम में हर साल सर्पदंश के मामलों में बढ़ोतरी होती है. अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम (ASV) इंजेक्शन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, इसलिए मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू इलाज के भरोसे न रहें. पीड़ित को बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं. साथ ही खेतों में काम करते समय जूते पहनें, रात में टॉर्च का इस्तेमाल करें और घर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, ताकि सर्पदंश की घटनाओं से बचा जा सके.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment