Search

 
 
 

BabaDham: श्रावणी मेला से पहले बासुकीनाथ में विकास कार्यों की रफ्तार तेज

आगामी श्रावणी मेला को लेकर बासुकीनाथ में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पथ निर्माण विभाग ने सड़क, पुल, पार्किंग और पहुंच पथ से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है.
 

Dumka: आगामी श्रावणी मेला को लेकर बासुकीनाथ में तैयारियां तेज कर दी गई हैं. श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पथ निर्माण विभाग ने सड़क, पुल, पार्किंग और पहुंच पथ से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं पर काम शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. विभाग की ओर से विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए टेंडर जारी किए गए हैं, जिनकी कुल लागत करोड़ों रुपये बताई जा रही है.

 

मेला क्षेत्र में स्थित शिवगंगा पहुंच पथ के पास नवनिर्मित बॉक्स कल्वर्ट के किनारे पीसीसी गार्डवाल और पहुंच मार्ग निर्माण कराया जाएगा. इस योजना पर करीब 30 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. इसके अलावा दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर दुमका-हंसडीहा के बीच एनएच-17 के विभिन्न पुलों पर मैस्टिक एसफाल्ट वेयरिंग कोर्स बिछाने और मरम्मत कार्य के लिए भी टेंडर निकाला गया है. इस कार्य की अनुमानित लागत करीब 25 लाख रुपये रखी गई है.

 

श्रावणी मेला को ध्यान में रखते हुए शनि मंदिर नोनीहाट-बासुकीनाथ-खैराबनी लिंक रोड से बासुकीनाथ बस स्टैंड तक एप्रोच रोड का निर्माण भी कराया जाएगा. इस योजना की लागत लगभग 60 लाख रुपये निर्धारित की गई है और इसे दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. वहीं नोनीहाट-बासुकीनाथ-खैराबनी सड़क की विशेष मरम्मत के लिए करीब 1.25 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है. इस कार्य को भी तय समयसीमा के अंदर पूरा करने का निर्देश दिया गया है.

 

मेला क्षेत्र में वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए बासुकीनाथ रिंग रोड में पार्किंग एरिया विकसित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर करीब 75 लाख रुपये खर्च होंगे. साथ ही सड़क सतह नवीनीकरण, रोड मार्किंग, पेवर ब्लॉक, साइन बोर्ड, कल्वर्ट पेंटिंग और फ्लैंक मरम्मत जैसे कार्यों के लिए भी करीब 75 लाख रुपये की स्वीकृत की गई है.

 

विभागीय अधिकारियों के अनुसार अधिकांश कार्यों को डेढ़ से दो माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है ताकि श्रावणी मेला शुरू होने से पहले श्रद्धालुओं को बेहतर सड़क और यातायात सुविधा मिल सके, इधर दुमका-देवघर मुख्य मार्ग अब नेशनल हाईवे प्राधिकरण के अधीन होने के कारण, इस मार्ग पर होने वाले कार्य एनएच के माध्यम से कराए जाएंगे. दुमका से बासुकीनाथ तक फोरलेन सड़क निर्माण की प्रक्रिया भी जारी है, जिसके तहत जमीन अधिग्रहण का काम चल रहा है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही