- JSSC-CGL जांच पर बाबूलाल मरांडी के सवाल
- अनुराग गुप्ता पर कार्रवाई से क्यों हिचक रही सरकार?
Ranchi News : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने जेएसएससी-सीजीएल मामले की जांच को लेकर सीएम हेमंत से कई सवाल पूछे हैं. उन्होंने पुलिस अधिकारी अनुराग गुप्ता की भूमिका को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि अनुराग गुप्ता पर JSSC-CGL मामले की जांच को प्रभावित करने, जांच को गलत दिशा में ले जाने और डिजिटल सबूतों को नष्ट कराने जैसे गंभीर आरोप हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि सरकार उनके खिलाफ कार्रवाई करने से क्यों हिचक रही है.
उन्होंने सवाल किया कि जब छात्रों ने पेपर लीक के आरोप लगाए थे, तब अनुराग गुप्ता इन आरोपों को गलत साबित करने के लिए इतने सक्रिय क्यों थे. वे मीडिया के सामने आकर लगातार पेपर लीक के आरोपों को खारिज करने की कोशिश क्यों कर रहे थे. बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के छात्र और बेरोजगार आज इन सवालों का जवाब चाहते हैं.
इसे भी पढ़ें
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जिस अधिकारी की भूमिका पर ही जांच को प्रभावित करने के सवाल उठ रहे हों, उसके रहते CID की जांच की निष्पक्षता पर भरोसा करना मुश्किल है. उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि ऐसे आरोपों के बावजूद संबंधित अधिकारी पर कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है.
बाबूलाल ने सीएम से कहा कि अगर सरकार को झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य की चिंता है तो इस मामले में बिना किसी दबाव के फैसला लेना चाहिए. उन्होंने अनुराग गुप्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.
उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी होती है. अगर जांच से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तो भविष्य में भी ऐसी घटनाओं पर रोक लगाना मुश्किल होगा. सरकार से सवाल किया कि JSSC-CGL मामले की जांच कितनी निष्पक्ष तरीके से हो रही है और जिन अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं, उनके खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

