Ranchi News: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर झारखंड के छात्रों के मुद्दे को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देशभर में छात्रों के अधिकार की बात करते हैं, लेकिन झारखंड में छात्रों पर हुई कार्रवाई के मुद्दे पर उनकी आवाज नहीं निकल रही है.
इसे भी पढ़ें:
बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए राहुल गांधी से सवाल किया कि झारखंड में कांग्रेस गठबंधन की सरकार है, फिर यहां छात्रों के साथ हुए व्यवहार पर वे चुप क्यों हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा घेराव के दौरान शांतिपूर्ण मार्च कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया. इसके अलावा पहले से घोषित पुतला दहन कार्यक्रमों में भी छात्रों के खिलाफ पुलिस और सत्ताधारी दल के लोगों की कार्रवाई देखने को मिली.
रांची की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
उन्होंने कहा कि झारखंड के छात्र अपने भविष्य और नौकरी के लिए सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं. बाबूलाल ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के संरक्षण में युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है और नौकरी की प्रक्रिया को लेकर छात्रों में भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है.
बाबूलाल ने राहुल गांधी से पूछा कि जब वे देश के दूसरे हिस्सों में छात्रों के मुद्दे उठाते हैं, तो झारखंड के छात्रों के लिए उनकी आवाज क्यों नहीं उठती. उन्होंने राहुल गांधी पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया.
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है. उन्होंने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि नेता की कथनी और करनी में अंतर नहीं होना चाहिए. बाबूलाल ने अपने बयान के अंत में राहुल गांधी पर तीखा तंज कसते हुए उन्हें 'ठग मास्टर' तक कह दिया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

