Ranchi News: हाईकोर्ट में राज्य सरकार की ओर से CID की जांच रिपोर्ट बंद लिफाफे में पेश किए जाने पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सवाल उठाया है. उन्होंने सरकार से पूछा कि जांच रिपोर्ट को बंद लिफाफे में रखने की जरूरत क्यों पड़ी.
इसे भी पढ़ें...
मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि झारखंड के छात्र, बेरोजगार और आम लोग सरकार की कार्यशैली को देख रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की जांच को लंबे समय से टाला और भटकाया जा रहा है. साथ ही उन्होंने जांच के जरिए असली दोषियों और कथित लाभ लेने वालों को बचाने का आरोप भी लगाया.
उन्होंने कहा कि अगर CID की जांच सही दिशा में हो रही है तो सरकार को किसी बात का डर नहीं होना चाहिए. मरांडी ने सवाल किया कि फिर CBI जांच कराने से सरकार पीछे क्यों हट रही है.
बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री से कहा कि उन्हें बिना देरी CBI जांच की सिफारिश करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों की भूमिका पर पहले से सवाल उठते रहे हैं, उनकी अगुवाई में हो रही CID जांच पर जनता कैसे पूरा भरोसा करे. मरांडी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों का जवाब सरकार को देना होगा. बंद लिफाफा जवाबदेही का विकल्प नहीं हो सकता.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

