Search

 
 
 

रांची में खराब मौसम का कहर: विजिबिलिटी कम होने से 4 उड़ानें डायवर्ट, सांसद संजय सेठ भी फंसे

Ranchi: राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया है. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के आसपास सुबह से ही घना कोहरा छाए रहने और बेहद कम विजिबिलिटी (दृश्यता) होने के कारण आसमान में पहुंचे विमानों की लैंडिंग नहीं हो सकी.
 
  • – एटीसी के निर्देश पर कोलकाता में सुरक्षित लैंडिंग

Ranchi: राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में अचानक बदले मौसम के मिजाज ने हवाई सेवाओं को प्रभावित कर दिया है. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के आसपास सुबह से ही घना कोहरा छाए रहने और बेहद कम विजिबिलिटी (दृश्यता) होने के कारण आसमान में पहुंचे विमानों की लैंडिंग नहीं हो सकी. रनवे साफ न दिखने की वजह से हवाई अड्डा प्रशासन ने रांची आने वाली सभी प्रमुख फ्लाइट्स को कोलकाता डायवर्ट कर दिया, जिसके कारण आम यात्रियों के साथ-साथ दिल्ली से लौट रहे रांची के सांसद संजय सेठ की उड़ान भी प्रभावित हुई.

 

 इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस की इन चार उड़ानों का बदला रूट 

 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम की वजह से कुल चार बड़ी कमर्शियल उड़ानों का मार्ग बदलना पड़ा. इसमें इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या IGO7561, जो कोलकाता से उड़ान भरकर रांची आ रही थी, उसे वापस कोलकाता लौटा दिया गया. इसके अलावा इंडिगो की ही दिल्ली से आने वाली फ्लाइट संख्या IGO646J, एयर इंडिया एक्सप्रेस की बेंगलुरु-रांची फ्लाइट संख्या AXB1239 और दिल्ली से रांची आ रही फ्लाइट संख्या AXB1046 को भी रांची के आसमान में चक्कर काटने के बाद एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) के निर्देश पर इन चारों विमानों को सुरक्षित लैंडिंग के लिए कोलकाता भेज दिया गया.

 

 विजिबिलिटी सुधरने तक यात्रियों को स्टेटस चेक करने की सलाह 

 

विमानों में सवार सैकड़ों यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है. हवाई अड्डा प्रबंधन ने बताया कि जब तक मौसम पूरी तरह साफ नहीं हो जाता और रनवे पर विजिबिलिटी मानकों के अनुरूप नहीं सुधरती, तब तक उड़ानों का परिचालन सामान्य होना संभव नहीं है. लगातार हो रहे इस बदलाव को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे एयरपोर्ट के लिए रवाना होने से पहले संबंधित एयरलाइंस के हेल्पलाइन नंबर या आधिकारिक वेबसाइट के जरिए अपनी फ्लाइट का मौजूदा स्टेटस जरूर चेक कर लें.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही