Search

 
 
 

Jamshedpur News: 11 साल से बागबेड़ा जलापूर्ति योजना अधूरी, ग्रामीणों का अनशन 14 जून को

बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के वर्षों से अधर में लटके रहने पर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है.
 

Jamshedpur: बागबेड़ा ग्रामीण जलापूर्ति योजना के वर्षों से अधर में लटके रहने पर लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है. योजना शुरू होने के 11 साल बाद भी क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. इससे नाराज ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन का रास्ता चुना है. ग्राम विकास संघर्ष समिति ने 14 जून को टाटानगर स्टेशन चौक पर एक दिवसीय अनशन करने की घोषणा की है.

 


रविवार को कीताडीह स्थित यादव क्लब में पूर्व जिला पार्षद किशोर यादव की अध्यक्षता में समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना की धीमी प्रगति और बार-बार तय की गई समय-सीमा के बावजूद काम पूरा नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की गई.

 


बैठक में बताया गया कि 22 मार्च 2026 को पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार ने आश्वासन दिया था कि जून के पहले सप्ताह तक योजना का कार्य पूरा कर क्षेत्र में जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी. लेकिन जून का पहला सप्ताह समाप्त होने के बावजूद लोगों को अब तक पानी नहीं मिल सका है.

 


ग्रामीणों का कहना है कि पिछले 11 वर्षों के दौरान विभाग की ओर से कई बार योजना पूरी करने की नई-नई तारीखें घोषित की गईं, लेकिन हर बार वादे अधूरे रह गए. इस बीच बागबेड़ा और आसपास के क्षेत्रों के हजारों परिवारों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है, खासकर गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है.

 


बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक योजना पूरी कर जलापूर्ति शुरू नहीं की जाती, तब तक चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा. आंदोलन के पहले चरण में 14 जून 2026 को टाटानगर स्टेशन चौक पर एक दिवसीय अनशन किया जाएगा.

 


बैठक में नीरज सिंह, श्याम किशोर, पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, शिवजी सिंह, भोला यादव, सुरेश निषाद, मुदिता सिंह, डी.एन. सिंह, एस.एल. रावत, सुरेंद्र राय, कमलेश साह, भावनाथ सिंह, गुरमेल सिंह, श्रीराम शर्मा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और समाजसेवी मौजूद रहे.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही