Baharagora: कोल्हान विश्वविद्यालय ने हाल ही में ट्रांसफर सूची जारी की, जिसमें बहरागोड़ा महाविद्यालय के प्रभारी प्रिंसिपल डॉ. बी.के. बेहरा का ट्रांसफर कर दिया गया है. प्रिंसिपल के ट्रांसफर का नाम सूची में आने से छात्रों में भारी आक्रोश है. महाविद्यालय में विद्यार्थियों ने पूर्व छात्र नेता अभिजीत बाग के नेतृत्व में शनिवार को कुलपति के नाम एक मांग पत्र सौंपते हुए इस स्थानांतरण को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है.
छात्रों का कहना है कि 1969 में भिक्षाटन से स्थापित इस महाविद्यालय को पिछले पांच वर्षों में डॉ. बेहरा ने एक नई पहचान दी है. उनके कार्यकाल में न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर सुधरा, बल्कि शैक्षणिक माहौल में भी क्रांतिकारी बदलाव आए हैं. जिसमें नये भवन, अत्याधुनिक कंप्यूटर लैब और कॉन्फ्रेंस हॉल का निर्माण शामिल है.इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए अंग्रेजी समेत आठ विषयों में पीजी (PG) की पढ़ाई शुरू होना. पूरे महाविद्यालय परिसर में सीसीटीवी, सोलर सिस्टम और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी शामिल है.
विद्यार्थियों ने चिंता जताई है कि वर्तमान में मल्टीपरपस भवन, स्वतंत्र प्रशासनिक ब्लॉक और ऑडिटोरियम जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं पाइपलाइन में हैं. प्रिंसिपल के अचानक स्थानांतरण से इन विकास कार्यों की गति रुक सकती है. इसलिए छात्रों ने स्पष्ट किया है कि बहरागोड़ा महाविद्यालय झारखंड के साथ-साथ बंगाल और ओडिशा के सीमावर्ती छात्रों के लिए शिक्षा का मुख्य केंद्र है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment