Search

 
 
 

बालासोर आत्मदाह मामला : राहुल ने BJP को ठहराया जिम्मेदार, धर्मेंद्र प्रधान बोले - ओछी राजनीति न करें

ओडिशा के बालासोर में एक छात्रा द्वारा आत्मदाह करने की दुखद घटना पर देशभर में आक्रोश है. एक तरफ इस घटना को लेकर जनता में आक्रोश है. वहीं दूसरी तरफ इस संवेदनशील मुद्दे पर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर ओडिशा की भाजपा सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा की गई संगठित हत्या है. वहीं दूसरी तरफ भाजपा के केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल के इस हरकत को ओछी राजनीति करार दिया है.
 

Lagatar Desk :   ओडिशा के बालासोर में एक छात्रा द्वारा आत्मदाह करने की दुखद घटना पर देशभर में आक्रोश है. एक तरफ इस घटना को लेकर जनता में आक्रोश है. वहीं दूसरी तरफ इस संवेदनशील मुद्दे पर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस सांसद और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर ओडिशा की भाजपा सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है. उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा की गई संगठित हत्या है. वहीं दूसरी तरफ भाजपा के केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राहुल के इस हरकत को ओछी राजनीति करार दिया है. 

 

राहुल ने पीएम मोदी पर निशाना साधा, बोले-चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि ओडिशा में इंसाफ के लिए लड़ती एक बेटी की मौत, सीधे-सीधे BJP के सिस्टम द्वारा की गई हत्या है. उस बहादुर छात्रा ने यौन शोषण के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन न्याय देने के बजाय, उसे धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया, बार-बार अपमानित किया गया.

 

राहुल ने आगे लिखा कि ओडिशा हो या मणिपुर, देश की बेटियां जल रही हैं, टूट रही हैं, दम तोड़ रही हैं. और आप? खामोश बने बैठे हैं. देश को आपकी चुप्पी नहीं, जवाब चाहिए. भारत की बेटियों को सुरक्षा और इंसाफ चाहिए. उनका इशारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ था. 

 

 

भाजपा का पलटवार, राहुल गांधी पीड़ित परिवार से मांगे माफी

राहुल गांधी के बयान पर भाजपा के केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस का इस संवेदनशील मामले पर ओछी राजनीति करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. एक बेटी की पीड़ा को राजनीतिक हथियार बनाना, उनकी सस्ती मानसिकता को उजागर करता है. यह समय राजनीतिक रोटियां सेंकने का नहीं, बल्कि पीड़िता को न्याय दिलाने का है. 

 

प्रधान ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार ने हमेशा महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के लिए ठोस कदम उठाए हैं, जबकि कांग्रेस ने हर दुखद घटना में केवल राजनीतिक अवसर तलाशे हैं. केंद्रीय मंत्री ने आगे लिखा कि इस घटना पर ओडिशा सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएगी, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. मगर, यह समय सस्ती राजनीति का नहीं, बल्कि पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने का है. राहुल गांधी को अपने इस गैर-जिम्मेदाराना बयान के लिए पीड़ित परिवार से तुरंत माफी मांगनी चाहिए. 

 

छात्रा ने न्याय नहीं मिलने पर कर लिया था आत्मदाह

दरअसल ओडिशा के बालासोर जिले में एक छात्रा ने कथित यौन उत्पीड़न और पुलिस द्वारा शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने से आहत होकर आत्मदाह कर लिया. छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना ने पूरे राज्य और देश को झकझोर दिया है.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही