Search

 
 
 

Ramgarh News: बैंक कर्मियों की हड़ताल से शाखाओं पर लटके ताले, कारोबार प्रभावित

Ramgarh News: बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने बिजुलिया ओवरब्रिज के समीप से गांधी चौक तक जुलूस निकाला. इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से लंबित मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की.
 
बैंक के बाहर प्रदर्शन करते कर्मी

Ramgarh News: पांच कार्य दिवस की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने सहित विभिन्न लंबित मांगों के समर्थन में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर शुक्रवार को देशव्यापी एकदिवसीय बैंक हड़ताल का रामगढ़ में भी व्यापक असर देखने को मिला. जिले के कई बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहा, जिससे जरूरी बैंकिंग कार्य के लिए पहुंचे ग्राहकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा.

इसे भी पढ़ें: 

हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने बिजुलिया ओवरब्रिज के समीप से गांधी चौक तक जुलूस निकाला. इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार से लंबित मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की.

 

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग सप्ताह में पांच कार्य दिवस की बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है. यूनियनों का कहना है कि 8 मार्च 2024 के द्विपक्षीय समझौते में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था का प्रस्ताव शामिल किया गया था, लेकिन अब तक इस पर अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है. प्रस्ताव के तहत सोमवार से शुक्रवार तक बैंकिंग कार्य रखने और आवश्यकता के अनुसार कार्य अवधि में समायोजन की बात कही गई है.

 

इसके अलावा कर्मचारियों ने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) में बदलाव, पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों की भर्ती, पेंशन संबंधी मामलों तथा NPS-OPS सहित अन्य लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाया.

 

हड़ताल के कारण बैंक शाखाओं में नकद जमा-निकासी, चेक से जुड़े कार्य, दस्तावेजी प्रक्रिया, पासबुक अपडेट सहित कई शाखा आधारित सेवाएं प्रभावित रहीं. इससे आम ग्राहकों के साथ-साथ कारोबारियों और पेंशनभोगियों को भी परेशानी हुई.

 

बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने का असर स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ा. बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज बाधित रहने से रामगढ़ शहर समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार प्रभावित होने की बात कही गई.

 

11 सितंबर की हड़ताल के बाद 12 सितंबर को दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाओं में नियमित कामकाज लगातार तीन दिनों तक प्रभावित रहेगा. हालांकि एटीएम, यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की संभावना है. वहीं चेक क्लियरेंस और अन्य शाखा आधारित कार्यों में देरी हो सकती है.

 

UFBU की ओर से मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने की स्थिति में 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का कार्यक्रम घोषित किया गया है. इसके बाद भी समाधान नहीं निकलने पर 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी गई है.

 

जुलूस के दौरान बैंक कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगों के समाधान तक उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही