Search

 
 
 

बांकीपुर उपचुनाव : आज से नामांकन शुरू, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, उम्मीदवारों के साथ सिर्फ 5 लोगों को मिलेगी एंट्री

पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाली है. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन को लेकर पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दिए हैं.
 
बिहार की खबरें

Lagatar Desk :  पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज सोमवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाली है. चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, उम्मीदवार 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे. नामांकन को लेकर पटना जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दिए हैं.

 

 

सुबह 11 से दोपहर 3 बजे दाखिल कर सकेंगे नामांकन

उम्मीदवार पटना कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय की दूसरी मंजिल पर डीसीएलआर कोर्ट रूम में नामांकन दाखिल करेंगे. नामांकन केवल कार्यदिवसों में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही लिए जाएंगे. 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी. जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे. इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी. 

 

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

नामांकन को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है. उम्मीदवारों और अधिकृत लोगों को केवल गेट नंबर-1 से ही प्रवेश मिलेगा. कारगिल चौक से कलेक्ट्रेट तक सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी रखेंगी. गांधी मैदान थाना पुलिस को भी विशेष सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. 

 

सिर्फ पांच लोगों को मिलेगी अनुमति

प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी उम्मीदवार के साथ नामांकन कक्ष में अधिकतम पांच लोग ही जा सकेंगे. उम्मीदवार केवल तीन वाहनों का इस्तेमाल कर सकेंगे. कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर निजी वाहनों के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. 

 

हथियार और बॉडीगार्ड पर रोक

नामांकन स्थल पर किसी भी तरह का लाइसेंसी हथियार ले जाने की अनुमति नहीं होगी. यदि किसी उम्मीदवार के साथ सुरक्षा कर्मी या बॉडीगार्ड होंगे, तो उन्हें नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा. केवल अधिकृत लोगों को ही आगे जाने की इजाजत मिलेगी.

 

इलाके में धारा 163 लागू

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे इलाके में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई है. इसके तहत अनावश्यक भीड़ जुटाने और शांति भंग करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी. प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से चुनाव आयोग के नियमों का पालन करने की अपील की है.

 

आपात स्थिति के लिए भी तैयारी

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए कारगिल चौक के पास सुबह 8 बजे से एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी. वहीं पूरी नामांकन प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि चुनाव प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष बनी रहे. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही