- पुलिस से प्रिंस खान के एनकाउंटर की मांग
Dhanbad News : कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के परिवार में अब कथित तौर पर दरारें सामने आने लगी है. जाली दस्तावेजों के आधार पर विदेश भागने की कोशिश के आरोप में धनबाद पुलिस द्वारा कोलकाता से गिरफ्तार किए गए उसके सगे भाई बंटी खान ने पूछताछ के दौरान प्रिंस खान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
इसे भी पढ़ें
प्रिंस खान को धनबाद लौटने की चुनौती
पूछताछ के दौरान बंटी खान ने कहा कि प्रिंस खान अपनी पत्नी और बच्चों के साथ विदेश भाग गया और परिवार के अन्य सदस्यों को पुलिस और कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए यहां अकेला छोड़ दिया.
उसने कथित तौर पर अपने भाई प्रिंस खान को चुनौती देते हुए कहा कि यदि वह खुद को बड़ा गैंगस्टर मानता है तो धनबाद लौटकर कानून का सामना करे. बंटी ने कहा कि परिवार को मुसीबत में छोड़कर विदेश में छिपे रहना कोई बहादुरी नहीं है.
बोला- पुलिस करे एनकाउंटर
बंटी खान ने प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कथित तौर पर उसके एनकाउंटर तक की बात कही. उसने कहा कि यदि पुलिस प्रिंस खान का एनकाउंटर करती है तो परिवार के लोग उसके जनाजे में भी शामिल नहीं होंगे.
गिरफ्तारी के बाद बदले तेवर
प्रिंस खान के भाई बंटी खान की गिरफ्तारी के बाद सामने आए इन कथित बयानों ने धनबाद के आपराधिक मामलों में नई चर्चा छेड़ दी है. अब तक प्रिंस खान के परिवार और गैंग से जुड़े लोगों के बीच एकजुटता की तस्वीर सामने आती रही थी. लेकिन बंटी के कथित बयान से परिवार के भीतर मतभेद की बात सामने आई है.
पुलिस अब बंटी खान से पूछताछ के आधार पर प्रिंस खान के नेटवर्क, विदेश में उसकी गतिविधियों और उसके संपर्कों से जुड़ी जानकारियां जुटाने में लगी है. बंटी के आरोपों की पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है. आने वाले दिनों में पूछताछ से प्रिंस खान और उसके नेटवर्क से जुड़े और भी अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

