Dhanbad News: छह साल के लंबे अंतराल के बाद बुधवार को बुलाई गई बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) की बहुप्रतीक्षित सीनेट बैठक अधूरी रह गई. विश्वविद्यालय से जुड़े कई महत्वपूर्ण एजेंडों पर चर्चा और निर्णय की उम्मीद थी लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही एजेंडे की प्रतियां सदस्यों को उपलब्ध नहीं कराए जाने का मामला सामने आ गया.
एजेंडे की कॉपी पहले से उपलब्ध नहीं होने पर सीनेट सदस्यों ने इस पर गंभीर आपत्ति जताई. सदस्यों का कहना था कि एजेंडों की जानकारी पहले से उपलब्ध नहीं होने के कारण उनके विभिन्न बिंदुओं का अध्ययन और गंभीरता से विचार-विमर्श करना संभव नहीं है. इस वजह से बैठक में प्रस्तावित एजेंडों पर चर्चा आगे नहीं बढ़ सकी.
इसे भी पढ़ें:
लंबे समय बाद आयोजित इस बैठक से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक, प्रशासनिक और अन्य महत्वपूर्ण मामलों में निर्णय लिए जाने की उम्मीद थी. हालांकि एजेंडे की प्रतियां उपलब्ध नहीं होने के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा. अब सीनेट की अगली बैठक 13 अक्टूबर को आयोजित करने की तिथि निर्धारित की गई है. उम्मीद है कि अगली बैठक से पहले सभी सदस्यों को एजेंडे की प्रतियां उपलब्ध करा दी जाएंगी ताकि प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हो सके.
बुधवार की बैठक में सीनेट सदस्य एवं विधायक राज सिन्हा, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, विधायक उमाकांत रजक, विधायक चंद्रदेव महतो और विधायक मंजू कुमारी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

