Dhabad News: झरिया के ऐतिहासिक राजा तालाब को छठ पूजा से पहले नया और आकर्षक स्वरूप देने की तैयारी तेज हो गई है. तालाब के संभावित उद्घाटन और छठ महापर्व के मद्देनजर विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को जल्द पूरा करने की कवायद शुरू कर दी गई है. इसी क्रम में झरिया विधायक रागिनी सिंह और नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने शुक्रवार को संयुक्त रूप से राजा तालाब का निरीक्षण किया. दोनों ने मौके पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखी और संबंधित अधिकारियों को शेष काम निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का निर्देश दिया.
इसे भी पढ़ें:
निरीक्षण के दौरान विधायक रागिनी सिंह ने तालाब की साफ-सफाई, घाटों की व्यवस्था और पूरे परिसर में आकर्षक लाइटिंग पर विशेष जोर दिया. उन्होंने कहा कि छठ पूजा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु तालाब पहुंचते हैं. ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जानी चाहिए.उन्होंने अधिकारियों से तालाब में बचे कार्यों को बिना देरी पूरा करने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो.
वहीं नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया.उन्होंने साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था सहित सभी जरूरी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा. उन्होंने कहा कि उद्घाटन कार्यक्रम और छठ पूजा से पहले राजा तालाब परिसर को बेहतर स्वरूप दिया जा सके.
राजा तालाब झरिया की ऐतिहासिक पहचान और स्थानीय लोगों की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है. छठ पूजा के दौरान यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना को देखते हुए घाटों की स्थिति, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था अहम हो गई है. सौंदर्यीकरण कार्यों से स्थानीय लोगों को तालाब की सूरत बदलने की उम्मीद है.
अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि तय समयसीमा के भीतर शेष कार्य कितनी तेजी से पूरे होते हैं.एक सप्ताह में काम पूरा करने के निर्देश के बाद संबंधित अधिकारियों के सामने छठ पूजा से पहले राजा तालाब को श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाने की चुनौती है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

