Search

 
 
 

बेगूसराय : मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

बेगूसराय में चुनाव से पहले पुलिस ने बॉर्डर इलाके में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. इस दौरान भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए. बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि यह कार्रवाई पटना एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस ने संयुक्त रूप से की.
 

Begusarai : बेगूसराय में चुनाव से पहले पुलिस ने बॉर्डर इलाके में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. इस दौरान भारी मात्रा में हथियार भी बरामद किए गए. बेगूसराय के एसपी मनीष ने बताया कि यह कार्रवाई पटना एसटीएफ और बेगूसराय पुलिस ने संयुक्त रूप से की. 

 

पुलिस को यह सफलता साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बरारी दियारा में मिली. मौके से तीन आरोपियों को पांच हथियार, अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने का सामान के साथ गिरफ्तार किया गया.


गिरफ्तार तीनों आरोपी खगड़िया जिले के निवासी हैं. एसपी मनीष ने बताया कि पटना एसटीएफ से सूचना मिली थी कि साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर बरारी दियारा में कुछ लोग अवैध रूप से मिनी गन फैक्ट्री चला रहे हैं. सूचना मिलते ही बलिया डीएसपी-सह-प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी कुमारी के नेतृत्व में साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष सिंटू कुमार की पुलिस टीम तथा पटना एसटीएफ ने छापेमारी की.

 

जांच में पता चला कि एक बहियार के जंगल में मिनी गन फैक्ट्री छिपाकर संचालित की जा रही थी. यह स्थान बेगूसराय, खगड़िया और मुंगेर जिलों के बॉर्डर इलाके में आता है. काफी समय से अपराधी दियारा के जंगल में हथियार बना रहे थे. पुलिस ने मौके पर खगड़िया जिला के मुफस्सिल थाना क्षेत्र निवासी ललन यादव, मिथुन कुमार और शैलेश कुमार को गिरफ्तार किया.

 

हथियारों और संबंधित औजारों का जखीरा बरामद

बेगूसराय पुलिस ने मौके से 18 इंच वाले दो देशी कट्टा, दो लोडेड कट्टा, एक अधनिर्मित कट्टा, दो जिंदा कारतूस, बेस मशीन, हैंड ड्रिल मशीन, 12 छोटे-बड़े बैरल, 10 भारी लोहे के टुकड़े और हथियार निर्माण से जुड़े अन्य उपकरण बरामद किए. इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं. जब्त सामान से यह साफ होता है कि फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर अवैध हथियारों का निर्माण किया जा रहा था.

 

एसपी मनीष ने बताया कि जिस जगह मिनी गन फैक्ट्री चल रही थी वह तीनों जिलों की सीमा पर है और वहां लगातार कांबिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है. एसटीएफ की सूचना पर यह सफलता मिली. स्थानीय लोगों की संलिप्तता समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

 

आरोपियों का मुख्य काम देसी कट्टा और मस्कट बनाना था. हथियार बेचने और अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी अनुसंधान जारी है. चुनाव के मद्देनजर दियारा इलाके में लगातार छापेमारी और कांबिंग ऑपरेशन चल रहा है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही