Himangshu karan
Behragoda : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता, समर्पित झारखंड आंदोलनकारी और बहरागोड़ा प्रखंड बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के उपाध्यक्ष सुरेंद्र नाथ हांसदा का शुक्रवार सुबह निधन हो गया. लो बीपी के कारण उनको कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनका आकस्मिक निधन हो गया,
सुरेंद्र नाथ हांसदा के निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है. उनके निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक समीर महंती अपने समर्थकों के साथ दिवंगत नेता के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्पमाला अर्पित करने के साथ ही झामुमो का झंडा ओढ़ाकर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया.
इस भावुक क्षण में विधायक समीर महंती ने गहरे दुख का इजहार करते हुए कहा कि उन्होंने 'सुरेंद्र दा' के नेतृत्व में संगठन में काम करते हुए राज्यहित और शोषित-वंचितों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना सीखा था, इसलिए उनका असमय चले जाना एक अपूरणीय व्यक्तिगत क्षति है.
इस दौरान दिवंगत आत्मा को नमन करने और परिजनों को सांत्वना देने के लिए झामुमो प्रखंड सह बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा, सचिव गुरुचरण माण्डी, मुखिया राम मुर्मू, प्रो. श्याम मुर्मू, मार्शल बास्के, रास बिहारी साव, श्याम चरण टुडू, मदन घाटवारी, कुबेर घाटवारी, अभिनंदन पातर, संजीव दास, मंडल हेम्ब्रम, दीपक सोरेन, नरेश मंडल और देवनाथ हांसदा सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment