Search

 
 
 

BJP सरकार में बिहारी होना अपराध बन गया, तेजस्वी ने दिल्ली में बिहारी युवक की हत्या पर उठाए सवाल

दिल्ली में एक बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या मामले ने राजनीतिक और सामाजिक बहस को तेज कर दिया है. इस घटना को लेकर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है.
 

Lagatar Desk :   दिल्ली में एक बिहारी युवक की गोली मारकर हत्या मामले ने तूल पकड़ लिया है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव सहित कई दिग्गज ने घटना की कड़ी निंदा की है.  

 

तेजस्वी ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

तेजस्वी यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि मौजूदा सरकार में “बिहारी होना” ही सबसे बड़ा अपराध बन गया है. उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में खगड़िया के युवक पांडव कुमार की हत्या सिर्फ इसलिए कर दी गई क्योंकि वह बिहार से था.

 

उन्होंने आगे लिखा कि इस घटना में घायल उसका साथी कृष्ण जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है. तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां विभिन्न स्तरों पर भाजपा का शासन और प्रभाव है, फिर भी बिहारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है.

 

नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी बिहारियों के लिए असंवेदनशील हो गई है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जिम्मेदार लोग इस मामले में दोषियों को सजा दिलाने की हिम्मत दिखा पाएंगे.

 

तेजस्वी यादव ने यह भी कहा कि लंबे समय से चली आ रही नीतियों के कारण बिहार के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ता है, जहां कई बार उन्हें भेदभाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है.

 

उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार प्रवासी बिहारियों के साथ गलत व्यवहार होता है और उन्हें शक की नजर से देखा जाता है.तेजस्वी यादव ने इस मामले में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजे की मांग की है.

 

उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि बिहारियों के सम्मान से जुड़ा मुद्दा है. इसलिए न्याय चाहिए और अविलंब चाहिए.

 

 

खेसारी लाल ने घटना की निंदा की

खेसारी लाल यादव ने कहा कि देश की राजधानी का हाल ऐसा है, जहां अगर बिहारी एक दिन की हड़ताल पर चले जाएं, तो एक कदम भी आगे बढ़ना नामुमकिन हो जाता है. दिल्ली में बिहारी मतदाताओं के समर्थन के बिना कोई सांसद या विधायक चुनाव नहीं जीत सकता और इस मुद्दे पर सब चुप हैं. अब सब इस मामले को दबाने के लिए लीपापोती में जुट जाएंगे. 

 


खेसारी लाल यादव ने सवाल उठाया कि क्या आप इसे विकास कहते हैं, जहां इतना भेदभाव है? सनसनीखेज खबरों और सनसनीखेज प्रचार की लत के कारण हम इस स्थिति तक पहुंच गए हैं. दिन भर हमारे देश में सिर्फ कहानियां ही गढ़ी जाती हैं. समाज में इतनी नफरत बोई गई है कि हम अपनी क्षेत्रीय पहचान के आधार पर एक-दूसरे की जान ले रहे हैं. धिक्कार है इस पर. 

 

Uploaded Image

 

बिहारी था, इसलिए मारी गोली

मामला दिल्ली का है, जहां बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. जबकि उसका साथी कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया. बताया जा रहा है कि दोनों एक बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे, जहां विवाद के बाद फायरिंग हुई.

 

पुलिस के अनुसार, दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल नीरज बलहारा ने विवाद के दौरान अपनी सर्विस पिस्टल से गोली चला दी. एक गोली पांडव की छाती में लगी, जिससे उसकी मौत हो गई, जबकि दूसरी गोली कृष्ण के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.

 

हालांकि पुलिस ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को रोहतक के पास से गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही