Search

बंगाल चुनाव : 142 सीटों पर वोटिंग जारी, हावड़ा में हंगामा व लाठीचार्ज, नॉर्थ दमदम व पूर्व बर्धमान में EVM खराब

Lagatar Desk :   पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत आठ जिलों की 142 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान जारी है. इससे पहले 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हुई थी.

 

इस चरण में दक्षिण कोलकाता की 4, हावड़ा की 16, हुगली की 18, पूर्व बर्धमान की 16, नदिया की 17, उत्तर 24 परगना की 33, दक्षिण 24 परगना की 31 और उत्तर कोलकाता की 7 सीटों पर मतदान हो रहा है.

 

1448 उम्मीदवार की किस्मत का फैसला करेंगे 3.21 करोड़ मतादाता

चुनाव में कुल 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 3 करोड़ 21 लाख 73 हजार 837 मतदाताओं के हाथ में है. इनमें 1 करोड़ 64 लाख 35 हजार 627 पुरुष, 1 करोड़ 57 लाख 37 हजार 418 महिलाएं और 792 थर्ड-जेंडर मतदाता शामिल हैं. 

 

दूसरे चरण में कई अहम सीटों पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है. खासकर तृणमूल कांग्रेस के मजबूत इलाकों कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्वी बर्धमान में कड़ा मुकाबला है. 

 

कई जगहों पर EVM खराबी और हंगामा

मतदान के दौरान कई जगहों से हंगामे और ईवीएम खराब होने की खबरें सामने आई है. हावड़ा के बाली क्षेत्र में एक मतदान केंद्र पर मशीन में खराबी आने से लोगों का गुस्सा भड़क गया, जिसके बाद स्थिति संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा. इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गया.

 

वहीं, कोलकाता की एंटली सीट पर भाजपा उम्मीदवार प्रियंका टिबरेवाल की पोलिंग अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ बहस भी हुई. इसके अलावा नॉर्थ दमदम के बूथ नंबर 66 और पूर्व बर्धमान के कटवा क्षेत्र के बूथ नंबर 95 पर भी ईवीएम में खराबी की शिकायतें आई हैं, जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई जगहों पर लंबी कतारें लग गईं हैं. 

 

PM ने की रिकॉर्डतोड़ मतदान की अपील

पीएम मोदी ने बंगाल में दूसरे चरण के मतदान को लेकर वोटिंग की अपील की है. उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दूसरे चरण के मतदान में भी रिकॉर्डतोड़ वोटिंग करें और लोकतंत्र को अधिक जीवंत और सहभागी बनाएं. 

 

पीएम ने पश्चिम बंगाल की महिलाएं और युवा से विशेष रूप से बड़ी संख्या में मतदान करने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने को कहा. 

 

 

ममता ने बीजेपी पर मनमानी करने का लगाया आरोप 

दूसरी ओर मुख्यमंत्री ममता बर्नजी ने आरोप लगाया कि भाजपा बाहरी लोगों को लाकर माहौल प्रभावित करने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि वे पूरे दिन हालात पर नजर रखेंगी और एक सामान्य मतदाता की तरह विभिन्न इलाकों का दौरा करेंगी.

 

जिसके पास विकास का विजन, वही युवाओं के सपनों को पूरा कर सकती : शाह

वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान की अपील की है. शाह ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि बंगाल को भय, सिंडिकेट और भ्रष्टाचार के शासन से मुक्त करने के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें.

 

गृह मंत्री ने भी खासकर माताओं, बहनों और युवाओं से अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने को कहा है. कहा कि आपका एक वोट बंगाल के गौरव को पुनर्स्थापित करने के साथ-साथ महिलाओं को सुरक्षा देने का माध्यम बनेगा.

 

शाह ने दावा किया कि बंगाल के युवाओं के सपनों को सिर्फ एक ऐसी सरकार ही पूरा कर सकती है, जिसके पास विकास का विजन भी हो और घुसपैठियों को चुन-चुन कर बाहर करने की संकल्प शक्ति भी हो. उन्होंने ‘सोनार बांग्ला’ के लिए रिकॉर्ड मतदान करने का भी संदेश दिया. 

 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//