Search

 
 
 

Bengal Politics : शपथ लेने के बाद बोले सुवेंदु, PM चाहते थे रवींद्र जयंती पर नई सरकार बने

सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. नई सरकार के गठन के बाद उन्होंने आज के दिन को पश्चिम बंगाल और देश दोनों के लिए ऐतिहासिक बताया है.
 

Lagatar Desk :   सुवेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है. नई सरकार के गठन के बाद उन्होंने आज के दिन को पश्चिम बंगाल और देश दोनों के लिए ऐतिहासिक बताया है.

 

उन्होंने बताया कि पीएम मोदी की इच्छा थी कि नई सरकार रवींद्र जयंती के अवसर पर अपना कार्यकाल शुरू करे. इसलिए प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गुरु रवींद्रनाथ को नमन कर शपथ ग्रहण किया. 

 

 

 

नई सरकार के गठन पर देशभर के कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं और इसे पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में बताया है. देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह केवल भाजपा की नहीं, बल्कि पूरे भारत की जीत है.

 

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल देश की सुरक्षा और विकास, दोनों दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण राज्य है. उन्होंने इसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी और सुभाष चंद्र बोस की धरती बताते हुए कहा कि यहां भाजपा सरकार का बनना कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण है. 

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल की जनता को बधाई देते हुए कहा कि रवींद्रनाथ टैगोर को आज सच्ची श्रद्धांजलि मिली है और यह बदलाव राज्य के लिए नए दौर की शुरुआत है.

 

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इसे बंगाल की ऐतिहासिक जीत बताते हुए मुख्यमंत्री और उनके मंत्रिमंडल को शुभकामनाएं दीं. वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह पश्चिम बंगाल के लिए ऐतिहासिक दिन है.

 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि बंगाल की जनता ने भय, भ्रष्टाचार और हिंसा को नकारते हुए विकास की राजनीति को चुना है. उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पांच वर्ष राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होंगे.

 

केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने बंगालवासियों को बदलाव के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य में विकास का नया अध्याय शुरू होगा. वहीं जयंत चौधरी ने कहा कि बंगाल में एक नए दौर की शुरुआत हुई है और अब युवाओं के सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को गति मिलेगी.

 

एकनाथ शिंदे ने कहा कि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की लहर है और जनता ने गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार तथा जंगलराज को नकार कर विकास को चुना है. दिल्ली सरकार में मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसे ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि ऐसा लग रहा है मानो पश्चिम बंगाल को नई आजादी मिली हो.

 

वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने खासकर महिलाओं का आभार जताते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने साहस के साथ मतदान कर राज्य के भविष्य को नई दिशा दी है. उन्होंने भरोसा जताया कि विकास की राजनीति राज्य को ‘सोनार बांग्ला’ के सपने की ओर ले जाएगी.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही