- होमगार्ड बहाली में बरती जा रही पारदर्शिता
- अफवाहों से दूर रहने की अपील..!
- डीसी व एसपी नें अधिकारियों संग लिया प्रक्रिया का जायजा
- आरोपों का किया खंडन..!
- दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
Chatra : चतरा में चल रही होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया में धांधली के आरोपों के बीच जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है. अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
डीसी कीर्ति श्री जी और एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ नियुक्ति प्रक्रिया का जायजा लिया. साथ ही ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया. मौके पर डीसी और एसपी नें संयुक्त रूप से नियुक्ति में धांधली और पैसे मांगे जाने के आरोपों का खंडन किया.

नियुक्ति प्रक्रिया के नोडल पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने भी स्पष्ट किया है कि पूरी बहाली प्रक्रिया वरीय अधिकारियों के निर्देश और निगरानी में पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है. उन्होंने कहा कि चयन के हर चरण में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे.

अपर समाहर्ता ने अभ्यर्थियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी प्रक्रिया नियमों के अनुरूप और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी.

अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति होमगार्ड में नियुक्ति दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो अभ्यर्थी उसके झांसे में बिल्कुल न आएं. उन्होंने इस तरह की गतिविधि की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को देने की अपील की, ताकि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सके.
अरविंद कुमार ने बताया कि उपायुक्त कीर्ति श्रीजी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल सहित जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं. इसके साथ ही डीएसपी, एसडीपीओ व होमगार्ड के समादेष्टा भी चयन प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं.

प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि जो लोग जानबूझकर धांधली या पैसे के लेन-देन से जुड़ी अफवाहें फैला रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ऐसे में अभ्यर्थियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाने की सलाह दी गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment