Ranchi: झारखंड में हाल ही में सामने आए मेडिकल छात्रा के साथ दुष्कर्म मामले को लेकर भैरव सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने इस घटना को राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा की स्थिति का प्रतीक बताया तथा निष्पक्ष जांच की मांग की.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भैरव सिंह ने दावा किया कि एक डेंटल छात्रा को उसकी सहेली द्वारा जन्मदिन पार्टी में बुलाया गया, जहां कथित तौर पर उसे खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया. इसके बाद छात्रा के साथ दुष्कर्म किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि इस घटना में एक से अधिक लोग शामिल थे.
उन्होंने आगे दावा किया कि पीड़िता ने होश में आने के बाद खुद को गंभीर हालत में पाया और उसे घटना की पूरी जानकारी नहीं थी. साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि मामले को दबाने के लिए कथित तौर पर पैसों के लेन-देन की कोशिश की जा रही है. हालांकि इन सभी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य में हाल के दिनों में सामने आए अन्य आपराधिक मामलों का भी जिक्र किया. उन्होंने एक 3 वर्षीय बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म, एक नाबालिग के साथ अपराध और कई लड़कियों के शोषण से जुड़े मामलों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं.
इसके अलावा उन्होंने ‘लव जिहाद’ और ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ जैसे मुद्दों को भी उठाया और दावा किया कि कुछ मामलों में लड़कियों को बहला-फुसलाकर शोषण और दबाव बनाया जाता है. हालांकि इन दावों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि या स्वतंत्र प्रमाण सामने नहीं आए हैं.
आरटीआई के आंकड़ों का हवाला देते हुए यह भी कहा गया कि झारखंड में दुष्कर्म के मामले चिंताजनक स्तर पर हैं. साथ ही आरोप लगाया गया कि विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों पर सख्ती करती है, जबकि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई अपेक्षित स्तर पर नहीं होती.
भैरव सिंह ने मांग की कि मेडिकल छात्रा मामले की निष्पक्ष और तेज जांच हो, सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और पीड़िता को न्याय दिलाया जाए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई में देरी हुई, तो इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में बड़ा जन-आंदोलन किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment