Arrah News : बिहार के भोजपुर में नहाने के दौरान बड़ा हुआ. शनिवार को गड़हनी थाना क्षेत्र के बनास नदी में नहाने गए छह बच्चे अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए. देखते ही देखते सभी बच्चे नदी में डूबने लगे. चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो बच्चे तेज धारा में बहकर लापता हो गए.
इसे भी पढ़ें...
जानकारी के अनुसार, शनिवार को शांतिनगर के छह बच्चे बनास नदी में नहाने के लिए गए थे. सभी बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे. इसी दौरान अचानक नदी का तेज बहाव उनके लिए मुसीबत बन गया. बच्चे पानी के बहाव में फंसकर डूबने लगे. उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
इसी बीच शांतिनगर निवासी युवक गोलू ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी. उसने काफी मशक्कत के बाद चार बच्चों को नदी से बाहर निकालकर उनकी जान बचा ली. बचाए गए बच्चों में गोलू, प्रशांत, संतोषी कुमारी और प्रिया कुमारी शामिल हैं.
हालांकि, इस हादसे में दो मासूम बच्चों को नहीं बचाया जा सका और वे नदी की तेज धारा में लापता हो गए. उनकी पहचान शांतिनगर निवासी चंदन केशरी के सात वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार और रविन्द्र केशरी उर्फ मैनी के दस वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है.
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों बच्चों के परिजनों में चीख-पुकार मच गई. देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे पहुंच गए. हर कोई बच्चों की सलामती की दुआ कर रहा था.
वहीं, एसडीआरएफ की टीम के पहुंचने में देरी होने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने गड़हनी सब्जी बाजार के समीप आरा-सासाराम स्टेट हाइवे जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की. रातभर बच्चों की तलाश की गई पर कुछ पता नहीं चला.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

