Search

 
 
 

Bhojpur News : खवासपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी रिश्वतखोरी के आरोप में निलंबित

बिहार के भोजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. एसपी ने रिश्वतखोरी के आरोप में खवासपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है.
 

Lagatar Desk :   बिहार के भोजपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है. एसपी ने रिश्वतखोरी के आरोप में खवासपुर थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.

 

निलंबित पुलिसकर्मियों में खवासपुर थाना के प्रभारी विद्या भूषण, दारोगा दिलीप कुमार दिवाकर और पीटीसी मुंशी रमेश प्रसाद शामिल हैं. इन पर थाना लाए गए युवकों को छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये रिश्ववत  मांगने का आरोप है. साथ ही पीड़ित पक्ष के साथ अभद्र व्यवहार करने और मामले में लापरवाही बरतने का भी आरोप है. 

 

बताया जाता है कि बीते 22 मई को खवासपुर थाना क्षेत्र के महुली घाट पर एक युवक और युवती के बीच मोबाइल पर बात करने को लेकर विवाद हुआ था. इसी मामले में पुलिस तीन युवकों को थाना लेकर आई थी. आरोप है कि उन्हें छोड़ने के लिए पैसे की मांग की जा रही थी.

 

पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत सदर एसडीपीओ-2 रंजीत सिंह और स्थानीय विधायक से की. शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई गई और रिपोर्ट एसपी को सौंपी गई. शुरुआती जांच में रिश्वत मांगने और गलत व्यवहार की बात सही पाई गई.

 

एसपी ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया. एसपी ने साफ कहा कि रिश्वतखोरी और आम लोगों के साथ गलत व्यवहार किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने रिश्वतखोरी, मनमानी या आम लोगों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. 

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही