Search

 
 
 

बिहार: निलंबित सिपाही के ठिकानों से हथियारों का जखीरा, 1.40 करोड़ नकद और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद

बिहार से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक निलंबित सिपाही सरोज सिंह के ठिकानों से एके-47 और इंसास राइफल जैसे हथियारों और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं.
 

Patna :  बिहार से सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक निलंबित सिपाही सरोज सिंह के ठिकानों से एके-47 और इंसास राइफल जैसे हथियारों और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए हैं. यह कार्रवाई बिहार एसटीएफ और समस्तीपुर जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने की है. पुलिस ने मौके से सरोज सिंह और उसके चार सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया है. सहयोगियों में परशुराम सिंह, मुन्ना यादव, विश्वजीत सिंह और निशांत कुमार राय शामिल हैं. पुलिस ने मोहद्दीनगर थाना में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

 

सरोज सिंह के ठिकानों से हथियारों व दस्तावेजों की बरामदगी

  • - एक एके-47 राइफल
  • - एक इंसास राइफल
  • - एक कार्बाइन
  • - एक पाइंट 306 राइफल
  • - कई मैगजीन और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस
  • - करीब 1 करोड़ 10 लाख रुपये मूल्य की जमीन के कागजात

 

सरोज सिंह की निशानदेही पर कई जगहों में की गयी छापेमारी

इधर सरोज सिंह की निशानदेही पर पटना पुलिस और एसटीएफ की टीम ने गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के झुंझुन महल स्थित सविता वाटिका में भी छापेमारी की. यहां से  एक करोड़ 40 लाख नकद, नोट गिनने की मशीन और बड़ी संख्या में जमीन के कागजात बरामद किए गए. इसके अलावा दानापुर के सगुना मोड़ और रूपसपुर थाना क्षेत्र व नहर रोड स्थित एक ऑफिस से 11 लाख रुपये मूल्य के जमीन दस्तावेज और करीब 2 करोड़ रुपये मूल्य के 40 जमीन एग्रीमेंट भी जब्त किए गए हैं. 

 

कौन है सरोज सिंह

सरोज सिंह 2008 बैच का बिहार पुलिस का आरक्षी (सिपाही) है. इस पर पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं. गंभीर आरोपों के चलते इसे पहले ही जहानाबाद के पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया है और उस पर विभागीय कार्यवाही चल रही है. सरोज सिंह पर अपराधियों से सांठगांठ, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और अवैध संपत्ति बनाने का आरोप है.

 

आगे की कार्रवाई

एसटीएफ और स्थानीय पुलिस इस पूरे नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है. जमीन खरीद-बिक्री के कारोबार की आड़ में चल रहे अपराध के सिंडिकेट से जुड़े अन्य नामों और जगहों की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही