Bihar News : भरत तिवारी की मौत को पांच महीने से अधिक बीत चुके हैं, लेकिन इंसाफ की आस अधूरी रहने से अब परिजनों का सब्र टूटने लगा है. न्याय की मांग को लेकर मृतक की मां आशा देवी ने आंदोलन तेज करने का फैसला किया है.
इसे भी पढ़ें...
उन्होंने सरकार को 26 नवंबर तक का अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि उनकी मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वह 27 नवंबर से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल करेंगी.
आशा देवी ने समाज के लोगों, युवाओं और विभिन्न वर्गों से 27 नवंबर को बिलौटी गांव पहुंचकर उनके आंदोलन को समर्थन देने की अपील की है. आशा देवी का कहना है कि बेटे को इंसाफ दिलाने की लड़ाई वह आखिरी सांस तक लड़ेंगी. प्रस्तावित भूख हड़ताल में उनके साथ मृतक के भाई चंदन तिवारी, भाभी सुमन देवी और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल होंगे.
आशा देवी के मुताबिक, घटना के बाद परिवार को न्याय और कार्रवाई का भरोसा दिया गया था, लेकिन पांच महीने से ज्यादा समय बीतने के बावजूद उन आश्वासनों पर अमल नहीं हुआ है.
पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
मामले में आशा देवी ने पुलिस की कार्रवाई पर भी नाराजगी जाहिर की है. उनका आरोप है कि अब तक केवल एसटीएफ के सिपाही अक्षय की गिरफ्तारी हुई है, जबकि घटना से जुड़े अन्य आरोपित अभी भी गिरफ्तार नहीं किए गए हैं.
आशा देवी ने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगी. उन्होंने आत्मदाह की चेतावनी भी दी है.
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि भारत तिवारी ने समाज के लिए अपनी जान गंवाई है. इसलिए न्याय की यह लड़ाई सिर्फ उनके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि अगर वह इस संघर्ष में हारती हैं तो यह केवल उनकी नहीं, बल्कि पूरे बिहार और देश की हार होगी.
17 जून को पुलिस एनकाउंटर में हुई थी मौत
गौरतलब है कि 17 जून 2026 को भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर के दौरान भारत तिवारी की मौत हो गई थी. इस घटना के बाद काफी विवाद हुआ था. परिजनों का आरोप है कि भारत तिवारी ने हथियार फेंक दिए थे, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गोली मार दी. लोगों ने इसके विरोध में कई जिलों में प्रदर्शन किया था. पुलिस के खिलाफ खूब नारेबाजी हुई थी.
परिवार की मांगे
- घटना में शामिल सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी हो.
- पूरे मामले की एसआईटी गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए.
- दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

