Lagatar Desk : बिहार की शादियों में हर्ष फायरिंग रुकने का नाम नहीं ले रही है. ताजा मामला पटना जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र स्थित बुढ़नपुर गांव का है. यहां एक शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की गई. बारात मिलन की रस्म के दौरान हुई फायरिंग में 11 साल का बच्चा घायल हो गया. गोली आर्यन कुमार के गले को छूते हुए निकल गई. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें
https://lagatar.in/finance-minister-radha-krishna-koshore-turned-a-blind-eye-to-misuse-of-rs-160-lakh-crore-in-grants-in-aid
पल भर में मातम सा पसरा
जानकारी के अनुसार, कृष्णानंद सिंह के घर शादी का कार्यक्रम चल रहा था. इसी बीच बारात मिलन की रस्म के दौरान कुछ लोगों ने खुशी में हर्ष फायरिंग करनी शुरू कर दी. तभी एक गोली वहां खड़े आर्यन को जा लगी. हालांकि गोली उसके गले को छूते हुए निकल गई. लेकिन वह खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ा.
इस घटना के कारण शादी की खुशियों चीख-पुकार मच गई और समारोह में भगदड़ जैसा माहौल बन गया. आनन फानन में परिजन घायल बच्चे को इलाज के लिए बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने बच्चे का प्राथमिक इलाज किया और बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया. हालांकि बच्चे की हालत स्थिर है.
पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हथियार किसका था और गोली किसने चलाई. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
