Search

 
 
 

बिहार: मोतिहारी जहरीली शराब कांड का मास्टरमाइंड लवकुश यादव गिरफ्तार

हाल ही में मोतिहारी जिले में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हुई थी. इस मामले में बड़ी सरगर्मी से आरोपी की तलाश में जुटी थी. इस शराब कांड के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड लवकुश यादव को पुलिस ने धर दबोचा है. पुलिस ने आरोपी लवकुश को तुरकौलिया इलाके से गिरफ्तार किया है.
 

Patna: हाल ही में मोतिहारी जिले में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत हुई थी. इस मामले में बड़ी सरगर्मी से आरोपी की तलाश में जुटी थी. इस शराब कांड के मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड लवकुश यादव को पुलिस ने धर दबोचा है. पुलिस ने आरोपी लवकुश को तुरकौलिया इलाके से गिरफ्तार किया है. इस नेटवर्क का अहम चेहरा माने जा रहे लवकुश की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले की जांच ने नया मोड़ ले लिया है.


बता दें, इस जहरीली शराब कांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया था. अब तक इस कांड में 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दर्जनों लोग अस्पतालों में भर्ती हैं. कई पीड़ितों की आंखों की रोशनी तक चली गई है. पीड़ित परिवारों में डर व गुस्से का माहौल बना हुआ है.


जिले के एसपी स्वर्ण प्रभात ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि लवकुश यादव इस पूरे जहरीली शराब नेटवर्क का मास्टरमाइंड था. जांच में खुलासा हुआ कि उसी ने बड़ी मात्रा में जहरीली स्प्रिट मंगवाई थी, जिसे बाद में अवैध शराब तैयार करने में इस्तेमाल किया गया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में जहरीली स्प्रिट भी बरामद की है.

 

पुलिस के मुताबिक, यह जहरीली स्प्रिट उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद स्थित एक कंपनी से मंगाई गई थी. खेप गोरखपुर के रास्ते मोतिहारी पहुंची. जिसके बाद इसे जिले के कई खुदरा विक्रेताओं तक पहुंचाया गया. लवकुश यादव ने पूछताछ में बताया कि उसने यह स्प्रिट स्थानीय शराब कारोबारियों और स्प्रिट माफिया कन्हैया यादव को बेची थी. पुलिस अब कन्हैया यादव समेत नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की तलाश में जुटी है.


लवकुश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने नेटवर्क के जड़ों तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज कर दी है. विशेष जांच दल (SIT) की टीमें बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश और दिल्ली में लगातार दबिश दे रही है. 


एसपी ने स्पष्ट किया कि इस कांड में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. स्प्रिट सप्लाई करने वाली गाजियाबाद की कंपनी की भूमिका भी जांच के घेरे में है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में स्प्रिट बिना निगरानी के बिहार तक कैसे पहुंची.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही