Lagatar Desk : बिहार विधान परिषद चुनाव से पहले महागठबंधन में अंदरूनी खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है. कांग्रेस ने गुरुवार देर रात पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है. इनमें चार सीटें ऐसी हैं, जहां आरजेडी पहले ही अपने प्रत्याशी उतार चुका है. ऐसे में अब इन चार सीटों पर कांग्रेस और आरजेडी के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे।
चार सीटों पर कांग्रेस-आरजेडी आमने-सामने
कांग्रेस ने पटना शिक्षक सीट से संजय यादव को मैदान में उतारा है. यहां आरजेडी ने डॉ. संजीव कुमार सिंह को टिकट दिया है. पटना स्नातक सीट पर कांग्रेस के असदुल्लाह खान और आरजेडी के दिलीप कुमार के बीच मुकाबला होगा. कोसी स्नातक सीट से कांग्रेस ने मनोज कुमार जायसवाल को उम्मीदवार बनाया है. जबकि आरजेडी के नितेश कुमार पहले से मैदान में हैं.
दरभंगा स्नातक सीट पर कांग्रेस ने रजनीकांत पाठक को टिकट दिया है. इस सीट पर आरजेडी के अनिल कुमार झा उम्मीदवार हैं. यानी महागठबंधन के दोनों दल चार सीटों पर एक-दूसरे के सामने चुनाव लड़ते नजर आएंगे. वहीं कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से मौजूदा विधान पार्षद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मदन मोहन झा को फिर उम्मीदवार बनाया है.
दरभंगा शिक्षक सीट पर आरजेडी ने प्रत्याशी नहीं उतारा है. यहां कांग्रेस का मुकाबला जेडीयू के घनश्याम राय और जनसुराज के एसपी राय से होगा.
इसे भी पढ़ें
आरजेडी पहले ही उतार चुका है छह उम्मीदवार
गौरतलब है कि आरजेडी ने 11 सितंबर को विधान परिषद की आठ में से छह सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं. इनमें पटना शिक्षक, पटना स्नातक, कोसी स्नातक, दरभंगा स्नातक, सारण शिक्षक और तिरहुत स्नातक सीट शामिल हैं. वहीं बीजेपी ने चार और जेडीयू ने भी चार सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित किए हैं. वहीं अब कांग्रेस ने पांच सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं.
23 अक्टूबर को मतदान
बता दें कि बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान होगा. वहीं वोटो की गिनती 27 अक्टूबर को होगी. स्नातक सीटों पर पात्र और पंजीकृत स्नातक मतदाता वोट डालते हैं. जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पात्र और पंजीकृत शिक्षक मतदान करते हैं.

