Ranchi News : झारखंड के बहुचर्चित शराब घोटाले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने विनय कुमार सिंह और उनकी कंपनियों के निवेश की जानकारी जुटाने के लिए दो राज्य सरकारों को पत्र भेजा है.
ईडी ने अदालत को दी जानकारी में बताया है कि जांच के दौरान विनय सिंह और उनकी पत्नी से जुड़ी कंपनियों में हुए निवेश का पता लगाया जा रहा है.
ईडी के अनुसार जांच में विनय कुमार सिंह और उनकी पत्नी सिमरन सिंह से जुड़ी कंपनी नेक्सटेजन सॉल्यूशंस टेक्नोलॉजी से संबंधित वित्तीय लेनदेन की जानकारी सामने आई है.
एजेंसी ने बताया कि कंपनी में सिमरन सिंह को वर्ष 2019 से 2023 के बीच हर माह करीब 1.50 लाख रुपये का भुगतान किया गया था. जांच के दौरान कंपनी के कामकाज और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है.
ईडी ने अदालत को बताया कि विनय सिंह ने अलग-अलग कंपनियों और संपत्तियों में निवेश किया था. एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन निवेशों के लिए रकम का स्रोत क्या था और किन माध्यमों से पैसा स्थानांतरित किया गया.
एक ही दिन में तीन करोड़ की निकासी की भी जांच
ईडी की जांच में विनय सिंह और उनसे जुड़े खातों से एक ही दिन में करीब तीन करोड़ रुपये की निकासी का मामला भी सामने आया है. एजेंसी के मुताबिक इस रकम के लेनदेन और इसके इस्तेमाल की जांच की जा रही है.
जांच एजेंसी ने अदालत को यह भी बताया कि कुछ रकम दूसरे राज्यों तक भेजे जाने की जानकारी मिली है.
ईडी के मुताबिक विनय सिंह और उनसे जुड़ी कंपनियों द्वारा संपत्तियों की खरीद और अन्य निवेश की भी जांच की जा रही है. एजेंसी ने अदालत को बताया कि मामले में सामने आए वित्तीय लेनदेन के आधार पर संबंधित दस्तावेज और जानकारी जुटाई जा रही है.
संपत्तियों और कंपनियों के निवेश पर नजर
जांच एजेंसी का कहना है कि शराब घोटाले से जुड़े मामले में विनय सिंह की भूमिका और उनके माध्यम से किए गए कथित वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है. इसी क्रम में दो राज्य सरकारों से भी संबंधित जानकारी मांगी गई है.
ईडी की जांच पूरी होने के बाद ही निवेश और लेनदेन से जुड़े पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की बात सामने आ रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

