Lagatar Desk : दिल्ली से दरभंगा जा रही एक एसी बस शुक्रवार तड़के दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर हुआ. इस हादसे में बस में सवार चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतक और घायल सभी बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बस दिल्ली से दरभंगा आ रही थी. तभी गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर अंबरपुर टोल प्लाजा के पास बस आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रही थी. इसी दौरान बस ट्रेलर से जा भिड़ी. हादसा इतना जोरदार था कि बस का बायां हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
टक्कर के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हादसे की जानकारी मिलते ही जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू कराया. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल और नगपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा है.
इसे भी पढ़ें
मरने वालों में सिर्फ एक की पहचान
मृतकों में एक की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है. वह बिहार के रहने वाला था. तीन अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है. पुलिस उनकी पहचान कराने के साथ ही उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है.
वहीं हादसे में घायल तीन यात्रियों की पहचान सुमित मिश्रा (33), सुमित आनंद (40) और रिंकू कुमारी (45) के रूप में हुई है. तीनों दरभंगा, बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं. सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है. साथ ही मृतकों की पहचान और घटना के बाद की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है.

