Lagatar Desk : बिहार में एमएलसी की आठ सीटों के लिए हो रहे चुनाव के बीच मोकामा में अनंत सिंह और नीरज कुमार के समर्थकों के बीच झड़प हो गई है. मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है. झड़प से तनाव की स्थिति बनी हुई है. जानकारी के मुताबिक, अनंत सिंह के समर्थक राजेश सिंह और नीरज कुमार के समर्थक राहुल रंजन के बीच बहस हुई. जब मामला बढ़ा तो इसकी जानकारी पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही डीएसपी पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को हटाया. इतना ही नहीं, इस दौरान 6 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है. पूरे मामले को शांत कराया गया.
नीतीश जी को सब जहां ले जाता है, जाते हैं
इधर मतदान से पहले अनंत सिंह ने नीरज कुमार के घर पूर्व सीएम नीतीश कुमार के जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मीडिया से एक बार फिर कहा कि नीतीश जी हमर गुरु जी हैं. सब जहां ले जाता है, जाते हैं. अनंत सिंह ने जनता को मालिक बताते हुए कहा कि जनता मालिक है हमारा. उन्होंने मतदाताओं से अच्छे से वोट देने की भी अपील की.
'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है'
जब पत्रकारों ने अनंत सिंह से पूछा क्या इस बार भी रसगुल्ला बनवाया गया है तो इसका जवाब देते हुए विधायक ने कहा कि 'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है'.
इससे पहले शुक्रवार की सुबह एमएलसी प्रत्याशी नीरज कुमार मोकामा के लिए रवाना हुए थे. लेकिन इससे पहले उन्होंने विक्ट्री का साइन दिखाया था. इससे पहले चुनाव प्रचार के दौरान कई बार नीरज कुमार जीत के दावे कर चुके हैं.

