Lagatar Desk : बिहार के कई जिलों में कुदरत ने कहर बरपाया है. पूर्वी चंपारण और गया जिले में ठनका गिरने से सात लोगों की जान चली गई है. जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं.
वज्रपात की चपेट में आकर एक बच्चा भी झुलसा
पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली प्रखंड के कैथवलिया गांव में सोमवार को आकाशीय बिजली गिरने से दो छोटे बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. इसी जिले के रामगढ़वा इलाके में भी ठनका गिरने से दो बच्चों की जान चली गई.
बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर में बच्चे अपने-अपने घरों के बाहर खेल रहे थे. तभी अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जन के साथ बिजली कड़की. आकाशीय बिजली की चपेट में आकर चार बच्चों की मौत हो गई. जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया.
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. परिजन व ग्रामीण दौड़े-भागे मौके पर पहुंचे और घायल बच्चों को तुरंत पास के अस्पताल ले गए, जहां चार बच्चों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. जबकि एक बच्चे का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया गया. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की बात कही है.
गया में आकाशीय बिजली की चपेट में आकर तीन किशोरों की मौत
इधर गया जिले के शेरघाटी थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव में भी आकाशीय बिजली गिरने से तीन किशोरों की मौत हो गई. सभी की उम्र 15 से 16 वर्ष के बीच बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, तीनों किशोर बगीचे में गए थे, तभी अचानक मौसम बदला और तेज आंधी-तूफान के बीच बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर उनकी जान चली गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया. उन्होंने प्रशासन से मुआवजे की मांग भी की.
मौसम विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने, खुले स्थानों से दूर रहने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है. विशेषज्ञों का कहना है कि खराब मौसम के दौरान खेत, खुले मैदान या ऊंचे स्थानों पर जाने से बचना चाहिए.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment