Lagatar Desk : पटना से झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज तक की यात्रा आने वाले समय में ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो सकती है. बिहार सरकार ने राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) को फोर लेन में अपग्रेड करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है.
करीब 160 किलोमीटर लंबे इस मार्ग के लिए नया संशोधित एलाइनमेंट तैयार कर केंद्र सरकार को भेजा गया है. उम्मीद की जा रही है कि इस बार इस परियोजना को स्वीकृति मिल जाएगी.
दो लेन के कारण बनी रहती जाम की समस्या
सूत्र बताते हैं कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्रालय की ओर से इस प्रस्ताव को सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है और जल्द ही इसकी मंजूरी मिलने की उम्मीद है.
यह सड़क पटना से शुरू होकर अरवल, दाउदनगर, ओबरा और औरंगाबाद होते हुए झारखंड के हरिहरगंज तक जाती है. अभी यह मार्ग दो लेन का है, जिसके कारण जाम और सफर में देरी आम समस्या बनी रहती है.
पहले प्रस्ताव को नहीं मिली थी मंजूरी
इससे पहले भी इस परियोजना का प्रस्ताव केंद्र को भेजा गया था, लेकिन उसे स्वीकृति नहीं मिल पाई थी. बाद में मामला केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के पास पहुंचा, जिसके बाद नए सिरे से एलाइनमेंट तैयार कर प्रस्ताव दोबारा भेजा गया.
इस परियोजना के तहत अरवल, दाउदनगर, ओबरा और औरंगाबाद में बाइपास बनाने की भी योजना है, ताकि शहरों के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके. इन बाइपास के निर्माण की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है.
ध्यान देने वाली बात यह है कि हरिहरगंज से झारखंड की ओर का हिस्सा पहले ही फोरलेन हो चुका है. अब बाकी हिस्से के चौड़ीकरण के बाद पटना से झारखंड के बीच सफर न केवल तेज होगा, बल्कि ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक भी बन जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment