Search

 
 
 

Bihar News : नालंदा के स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद बिगड़ी बच्चों की तबीयत, अस्पतालों में भर्ती

नगरनौसा प्रखंड के मध्य विद्यालय कला कैला में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मिड-डे मील खाने के बाद बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे अचानक बीमार पड़ने लगे. भोजन करने के कुछ देर बाद ही बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, दस्त और चक्कर आने की शिकायत शुरू हो गई. कई बच्चे स्कूल परिसर में ही अचेत होकर गिर पड़े, जिससे शिक्षकों और अभिभावकों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.
 
  • बिहार में एक माह के अंदर तीसरी घटना

Nalanda : नगरनौसा प्रखंड के मध्य विद्यालय कला कैला में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब मिड-डे मील खाने के बाद बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे अचानक बीमार पड़ने लगे. भोजन करने के कुछ देर बाद ही बच्चों को उल्टी, पेट दर्द, दस्त और चक्कर आने की शिकायत शुरू हो गई. कई बच्चे स्कूल परिसर में ही अचेत होकर गिर पड़े, जिससे शिक्षकों और अभिभावकों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

 

घटना के बाद आनन-फानन में बच्चों को नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने इलाज शुरू किया. स्थिति गंभीर होने पर कुछ बच्चों को चंडी रेफरल अस्पताल भेजा गया, जबकि एक छात्रा को बेहतर चिकित्सा के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल रेफर किया गया है.

 

जानकारी के अनुसार, दोपहर के भोजन में बच्चों को चावल और छोले की सब्जी दी गई थी. कुछ बच्चों ने आरोप लगाया कि सब्जी में दवा जैसी कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दी थी. इसके बाद खाना खाने वाले कई बच्चों की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी.

 

अस्पताल में भर्ती बच्चों के परिजनों की भीड़ लग गई. परिजन घटना को लेकर काफी चिंतित और आक्रोशित दिखे. ग्रामीणों ने स्कूल प्रबंधन और मिड-डे मील व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि भोजन की गुणवत्ता की जांच किए बिना बच्चों को खाना परोसा गया.

 

स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. प्रशासन की ओर से भी मामले की जांच शुरू कर दी गई है. 

 

 

बता दें कि बिहार में एक माह में यह तीसरी घटना है. इसी माह 7 और 8 मई को सहरसा से ऐसा ही मामला आया था, जहां महिषी प्रखंड में राजकीय मध्य विद्यालय बलुआहा में मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चे बीमार हो गए थे. इसके बाद से हड़कंप मच गया था.

 

दूसरी घटना सहरसा के सौरबाजार प्रखंड का है, जहां 8 मई को कन्या मध्य विद्यालय मोरर्चा व एनपीएस स्कूल विजयपुर में मध्याह्न भोजन के बाद 50 से अधिक बच्चे बीमार हो गए थे. 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही