Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

Bihar News : सीएम सम्राट चौधरी ने बिहार को 286 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात

Patna : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पद संभालने के बाद से लगातार बिहार को विकास योजनाओं की सौगात दे रहे है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को नगर विकास एवं आवास विभाग की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान राज्यभर में 286 करोड़ रुपये से अधिक की 157 योजनाओं को जनता को समर्पित किया.

 

मुख्यमंत्री ने 238.75 करोड़ रुपये की लागत से 114 योजनाओं का उद्घाटन किया. वहीं 47.48 करोड़ रुपये की 43 नई योजनाओं का शिलान्यास भी किया. इनमें पटना स्मार्ट सिटी और पटना नगर निगम की कई महत्वाकांक्षी परियोजनाएं शामिल हैं.


पटना नगर निगम क्षेत्र में 3.03 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, वहीं 17.17 करोड़ रुपये की नई योजनाओं का शिलान्यास हुआ. इसके अलावा पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की 9 परियोजनाओं में 6 का उद्घाटन और तीन का शिलान्यास किया गया. इन परियोजनाओं पर कुल 93.50 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं.


वहीं, मीठापुर में 10.68 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जी प्लस थ्री कॉमन सर्विस सेंटर का भी लोकार्पण किया गया. इस भवन में बैंक, पार्लर, ओपन एयर कैफे समेत विभिन्न नागरिक सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी.

 

मीठापुर में छात्रों और स्थानीय लोगों की जरूरतों को देखते हुए इसका निर्माण किया गया है. सबसे बड़ी बात यह है कि भविष्य में यह क्षेत्र मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ जाएगा, जिससे लोगों की आवाजाही आसान होगी.


मुख्यमंत्री ने दीघा से सभ्यता द्वार तक विकसित रिवर फ्रंट परियोजना का उद्घाटन किया. जेपी गंगा पथ पर 32.14 करोड़ रुपये की लागत से बने रिवर फ्रंट को जनता के लिए खोला गया. इसके साथ ही जुहू चौपाटी की तर्ज पर तैयार 550 मीटर लंबे जिग-जैग पार्क का भी उद्घाटन किया गया. यह पार्क कुर्जी मोड़ से एलसीटी घाट तक विकसित किया गया है. 


डिलीवरी बॉय और ऑटो चालकों के लिए AC लाउंज

डिलीवरी बॉय, कूरियर कर्मी, ऑटो और बाइक राइडर्स जैसे गिग वर्कर्स के लिए पटना में दो आधुनिक AC लाउंज की शुरुआत भी की गई. इन लाउंज में मुफ्त में आराम कर सकेंगे. ये लाउंज गांधी मैदान गेट नंबर-4 और इनकम टैक्स गोलंबर के पास बनाए गए हैं. इसके साथ-साथ लोगों को फोन चार्ज, ठंडा पानी की सुविधाएं मिलेंगी.


पटना में पार्किंग की बढ़ती समस्या को देखते हुए प्री-फैब्रिकेटेड टू-व्हीलर रोटरी पार्किंग सिस्टम का शिलान्यास भी किया गया. करीब 4.65 करोड़ की लागत से इस स्वचालित पार्किंग का निर्माण होगा. यह बिहार की पहली स्वचालित पार्किंग होगी. यह पार्किंग सटल डॉली सिस्टम और हाइड्रोलिक तकनीक से संचालित होगी.


मुख्यमंत्री ने 7.17 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 50 नई आधुनिक दुकानों और 200 प्री-फैब्रिकेटेड दुकानों का भी शिलान्यास किया. इन दुकानों में बिजली, एलईडी लाइटिंग, ड्रेनेज, प्लंबिंग और ऊर्जा बचत से जुड़ी सुविधाएं होंगी. 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही