Bihar News : आय से अधिक संपत्ति मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी के खिलाफ शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. मंगलवार की सुबह जांच एजेंसी की टीमों ने किशनगंज और कटिहार में उनके ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
इसे भी पढ़ें...
रूबी कुमारी शिक्षा विभाग में सर्व शिक्षा अभियान के तहत DPO के पद पर तैनात हैं. उन पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. इसी शिकायत के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए तलाशी अभियान शुरू किया है.
जांच एजेंसी को रूबी कुमारी की संपत्ति और वित्तीय लेन-देन से संबंधित कई अहम जानकारियां मिली थीं. शुरुआती जांच में पता चला है कि वर्ष 2018 से 2025 के बीच कटिहार जिले में 11 अलग-अलग स्थानों पर जमीन खरीदी गई.
अब EOU की टीम इन जमीनों की खरीद से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. अधिकारियों का मुख्य फोकस इस बात पर है कि जमीन खरीदने में इस्तेमाल की गई रकम का स्रोत क्या था.
बैंक खातों और निवेश के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे
छापेमारी के दौरान टीम जमीन के कागजात, बैंक खातों, निवेश और अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है. जांच में आय और अर्जित संपत्ति के बीच अंतर का भी आकलन किया जा रहा है.
रूबी कुमारी पर अपनी आय से लगभग 80 प्रतिशत अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. इसी आरोप के आधार पर आर्थिक अपराध इकाई ने उनके ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है.
फिलहाल किशनगंज और कटिहार में EOU की कार्रवाई जारी है. हालांकि, छापेमारी में अब तक क्या-क्या मिला है और किन दस्तावेजों को जब्त किया गया है, इसकी आधिकारिक विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

