Patna : मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह और मशहूर भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह की हथियार के साथ वीडियो वायरल मामले में गोपालगंज की विशेष अदालत में शुक्रवार को सुनवाई हुई. इस दौरान कोर्ट ने अनंत सिंह को राहत देने से फिलहाल इनकार कर दिया है. अब इसकी अगली सुनवाई 20 मई को होगी.
अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई एडीजे-3 सह MP-MLA स्पेशल कोर्ट के जज राजेंद्र कुमार पांडे की अदालत में हुई. बचाव पक्ष के वकील राजेंद्र पाठक ने अपनी दलीलें पेश कीं, लेकिन अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फिलहाल कोई भी राहत देने से मना कर दिया. कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग को भी खारिज कर दिया. कोर्ट ने पुलिस से इस मामले की केस डायरी (Case Diary) तलब की है.
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता राजेश पाठक ने पक्ष रखते हुए कहा कि वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि विधायक अनंत सिंह का कोई दोष नहीं है. साजिश के तहत उन्हें फंसाने के लिए उन पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
वायरल वीडियो के साथ छेड़छाड़ भी किया गया है. जिस अश्लील गीत और वीडियो को आधार बनाया जा रहा है, वहां घटना के समय अनंत सिंह मौजूद ही नहीं थे. किसी भी तरह के अश्लील मुजरे की बात से इनकार करते हुए अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर तुरंत रोक लगाने की गुहार लगाई.
जानें मामला
2-3 मई को मीरगंज के सेमराव गांव में आयोजित एक उपनयन (जनेऊ) संस्कार कार्यक्रम से हुई थी. इस समारोह में अनंत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे. कार्यक्रम के अगले दिन दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए.
पहले वीडियो में समर्थकों और नर्तकियों के बीच अश्लील डांस और नोट उड़ाने के दृश्य थे. जबकि दूसरे वीडियो में AK पैटर्न वाले हथियार लहराते हुए लोग नजर आ रहे थे. इसी वीडियो में विधायक के बगल में बैठे एक शख्स के पास AK पैटर्न की राइफल भी दिखाई दी थी. इसको लेकर मीरगंज थाने में अनंत सिंह और गायक गुंजन सिंह समेत कुल 9 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. वीडियो को FSL को भेजा गया है , ताकि वीडियो और हथियारों की प्रामाणिकता की पुष्टि हो सके. अब सभी की नजरें अगली सुनवाई में आने वाले फैसले पर टिकी हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment