Gayaji News : बिहार के गयाजी में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जिले के आमस थाना क्षेत्र के कुडाशिन गांव के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसा एक तेज रफ्तार स्कूल बस की टक्कर से हुआ. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
इसे भी पढ़ें...
मृतक की पहचान आमस थाना क्षेत्र के हरिदासपुर गांव निवासी वशिष्ठ यादव के पुत्र नीरज कुमार के रूप में हुई है. वहीं, घायल युवक का नाम विवेक है.
जानकारी के अनुसार, नीरज कुमार और विवेक शनिवार को बाइक से शेरघाटी बाजार खरीदारी करने गए थे. दोनों बाजार से सामान लेकर वापस अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान कुडाशिन गांव के पास पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने ओवरटेक करने के दौरान उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. इसी दौरान स्कूल बस का पिछला पहिया नीरज कुमार के ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. हादसे के बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई.
इस दौरान एक राहगीर ने मानवता दिखाते हुए घायल युवकों को अपनी गाड़ी से शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद नीरज कुमार को मृत घोषित कर दिया.
वहीं, घायल विवेक कुमार का इलाज कराया जा रहा है. नीरज की मौत से हरिदासपुर गांव में मातम पसरा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. एक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलने पर आमस थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. हादसे के कारणों और बस चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

