Bihar News : बिहार के सारण में शनिवार देर रात हुए दो गुटों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यह घटना एकमा थाना क्षेत्र के पछुआ गांव की है, जहां मारपीट और चाकूबाजी की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया. घायल को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें...
मृतकों में पछुआ गांव निवासी रमेश यादव (35), मुकेश यादव (25) और काशी बाजार निवासी अंकुर पटेल उर्फ धोनी (22) के रूप में हुई है. घायल युवक की पहचान विवेक कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि अंकुर अपने रिश्तेदार के यहां पछुआ गांव आया हुआ था.
जानकारी के अनुसार, शनिवार को कुछ युवकों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी. ग्रामीणों ने युवकों को समझाकर मामला शांत करा दिया था, लेकिन देर रात दोनों पक्षों के युवक दोबारा आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद मारपीट और चाकूबाजी में बदल गया.
इस हमले में अंकुर पटेल उर्फ धोनी की मौके पर ही मौत हो गई. चाकूबाजी में घायल हुए अन्य दो युवकों को इलाज के लिए एकमा के निजी नर्सिंग होम ले जाया गया. नर्सिंग होम में भी दोनों गुटों के बीच मारपीट हुई. गंभीर हालत में घायलों को छपरा सदर अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान रमेश यादव और मुकेश यादव ने दम तोड़ दिया. तीनों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पुलिस के अनुसार, तीनों के शरीर पर कई जगह वार किए गए थे. एकमा-2 के एसडीपीओ प्रेमचंद सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में पुरानी आपसी रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी ली जा रही है.

